सरकार बनी तो महिलाओं को 3000 महीना देंगे सम्‍मान निधि, टिकटों में भी बढ़ेगी भागीदारी- बोले अखिलेश

राजनीति

अखिलेश यादव ने 2027 में सपा सरकार बनने पर महिलाओं के लिए ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ लागू करने का ऐलान किया है, जिसके तहत हर महीने 3,000 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर महिलाओं को धोखा देने का आरोप लगाया।

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि 2027 में सपा सरकार बनने पर महिलाओं के लिए स्त्री सम्मान समृद्धि योजना लागू की जाएगी। इसके तहत महिलाओं को 3,000 रुपये महीने सम्मान राशि दी जाएगी। इसके जरिए गरीब महिलाओं की मदद होगी। अखिलेश ने आरोप लगाया कि समाजवादी पेंशन की योजना को दूसरे राज्यों में नकल कर लागू किया गया, लेकिन यहां भाजपा सरकार महिलाओं को धोखा दे रही है।

अखिलेश ने रविवार को पार्टी की महिला सभा के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने इस बार चुनाव में टिकटों में भागीदारी बढ़ाने का भी आश्वासन दिया। बैठक के बाद पत्रकारों से मुखातिब अखिलेश ने कहा कि पंचायतों में महिलाओं के लिए आरक्षण नेताजी (मुलायम सिंह यादव) ने लागू किया था, जिससे बड़ी संख्या में महिलाएं प्रधान और पंचायती राज के अलग-अलग स्तर पर चुनाव जीत के आई। जिला पंचायत अध्यक्ष भी बड़े पैमाने पर बनी।

उन्‍होंने कहा, हमें उम्मीद है कि जब 27 में सरकार समाजवादियों की बन जाएगी और महिला आरक्षण लागू होगा तो बड़े पैमाने पर संगठन की महिलाओं को भी चुनाव लड़ने का मौका मिलेगा। भाजपा सरकार में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़ा है। अन्याय व असुरक्षा का वातावरण है। केवल राजनीतिक लाभ के लिए पुलिस का उपयोग हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *