आंगनबाड़ी सेवा निवृत्तियों को मिलेगा ₹1 लाख, वित्तीय वर्ष में सहायता राशि बढ़ाने की योजना

उत्तराखंड

देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि नंदा गौरा योजना और एकल महिला स्वरोजगार योजना के पात्र लाभार्थियों को फरवरी के पहले सप्ताह में धनराशि वितरित कर दी जाएगी।

सोमवार को सचिवालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के बाद मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि नंदा गौरा योजना के अंतर्गत अब तक 11 जनपदों की अंतिम लाभार्थी सूची तैयार हो चुकी है। इनमें इंटरमीडिएट उत्तीर्ण 34,852 छात्राएं तथा 6,021 नवजात बालिकाएं चिन्हित की गई हैं। इन सभी को धनराशि वितरण हेतु फरवरी के प्रथम सप्ताह में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शेष दो जनपदों की सूची शीघ्र फाइनल करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।

मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि एकल महिला स्वरोजगार योजना के अंतर्गत 504 पात्र महिलाओं की सूची अंतिम रूप ले चुकी है, जिन्हें फरवरी के पहले सप्ताह में सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा दो जनपदों की 331 पात्र महिलाओं की सूची प्रक्रिया में है, जिसे शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कल्याण कोष के तहत 1 अप्रैल से सेवा निवृत्त होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ₹1 लाख की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। आगामी वित्तीय वर्ष में इस राशि को और बढ़ाने की भी योजना है।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश की वृद्ध महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक, चिकित्सीय और भावनात्मक संबल देने के उद्देश्य से एक नई योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का स्वरूप तय करने से पहले गांव-गांव जाकर वृद्ध महिलाओं का सर्वे किया जाए ताकि जरूरतमंद महिलाओं की राय के आधार पर योजना को अंतिम रूप दिया जा सके।

बैठक में विभागीय सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *