सितारगंज। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी अध्ययन केंद्र राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सितारगंज की ओर से शीतकालीन सत्र प्रवेशोत्सव कार्यक्रम एवं नि:शुल्क पुस्तक मेला का आयोजन किया गया।
सोमवार को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय हल्द्वानी के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी, सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ रेखा बिष्ट, मधु डोगरा,मिथिलेश देवी ने कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। क्षेत्रीय सहायक निदेशक डॉ रेखा बिष्ट ने छात्राओं को शीतकालीन सत्र जनवरी 2026 के लिए प्रवेश संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी।
कुलपति ने छात्राओं को विश्वविद्यालय की ओर से संचालित नवीन कोर्सेज जैसे असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर, ज्योतिष ज्ञान विज्ञान के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दी। उन्होंने कहा उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय शिक्षा को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने और आधुनिक तकनीकी से नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयासरत है।
महाविद्यालय में निशुल्क पुस्तक मेला का भी आयोजन किया गया। जिसमें कई सारी महत्वपूर्ण परीक्षाओं से संबंधित एवं अन्य विषय की महत्वपूर्ण पुस्तकों का वितरण किया गया।
मुक्त विश्वविद्यालय के संयोजक डॉ अभिमन्यु ने कहा कि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सितारगंज की ओर से आगामी समय में प्रवेश संबंधी कार्यक्रम एवं जन जागरूकता प्रचार प्रसार हेतु आयोजन होते रहेंगे।
इस अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ विमला सिंह, डॉ राजविंदर कौर ,डॉ जगदीपक जोशी ,डॉ शोभा पांडे, डॉ कामना दीक्षित और संजय मौजूद रहे।
