सोनभद्र में पुलिस का सख्त एक्शन, 130 लाउडस्पीकर हटाकर बुलडोजर से किए नष्ट

अपराध उत्तर प्रदेश राज्य

सोनभद्र। जनपद पुलिस ने सड़क अनुशासन बनाए रखने के लिए गुरुवार को विशेष अभियान चलाया। इसके तहत पुलिस ने लोढ़ी स्थित टोल प्लाजा के पास ट्रकों की जांच की। उस पर लगे 130 हूटर/लाउडस्पीकर हटवाए। फिर उस पर बैकहोलोडर चलवा कर उसे नष्ट करा दिया। साथ ही चेताया कि यातायात नियमों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गुरुवार को टोल प्लाजा के पास वाहनों की जांच की गई। खासकर उन ट्रकों की जांच की गई जो लाउडस्पीकर लगाकर वाहन चलाते हुए अश्लील गीत बजाते हैं।

सड़क पर अनुशासन बनाए रखने एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए गए विशेष अभियान के दौरान ट्रकों एवं उनके केबिन के बाहर अवैध रूप से लगाए गए हूटर/लाउडस्पीकर के माध्यम से तेज आवाज में अशोभनीय, भद्दे गीत बजाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

उन सभी ट्रकों से 130 लाउडस्पीकर को हटवाया गया और फिर उन्हें बैकहाेलोडर से नष्ट कराया गया। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि इस प्रकार के उपकरण न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि सड़क पर अन्य वाहन चालकों का ध्यान भंग कर दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं।

अभियान के माध्यम से ट्रक मालिकों एवं चालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपने वाहनों में हूटर/लाउडस्पीकर का प्रयोग न करें। यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं अनुशासित ड्राइविंग करें।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने कहा कि रोड पर अनुशासन बनाने के लिए यह कार्रवाई की गई। ट्रक चालक अपनी गाड़ी के बाहर लाउड स्पीकर लगाकर भद्दे गाने बजाते हैं। इससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।

इसलिए यह कार्रवाई की जा रही है। इसी तरह आटो और ई रिक्शा के खिलाफ भी ऐसी कार्रवाई आगे की जाएगी। ट्रक चालकों, मालिकों को जागरूक किया जा रहा है। छोटे वाहनों पर भी इस तरह की कार्रवाई होगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *