12 अप्रैल 2026 रविवार नोएडा के मोरना स्थित बारात घर में भारतीय किसान यूनियन द्वारा एक बैठक का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ किसान नेता राजपाल शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष गौतम बुद्ध नगर अशोक भाटी द्वारा किया गया। बैठक में किसानों की समस्याओं को लेकर व्यापक मंथन हुआ और भविष्य की रणनीति तय की गई।
इस अवसर पर राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी, एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, महानगर अध्यक्ष श्रीपाल कसाना, पवन चौरौली, सुखबीर प्रधान, विनोद प्रधान, नवल प्रधान, रविंद्र भगतजी, सुंदर बाबा, मनोज त्यागी, नरेंद्र नागर, विपिन प्रधान सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं क्षेत्र के प्रमुख किसान नेता मौजूद रहे। बैठक में सैकड़ों की संख्या में किसानों एवं कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली, जिससे यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रभावशाली रहा।
बैठक में विशेष रूप से नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण तथा यमुना प्राधिकरण से संबंधित किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। किसानों ने अपनी मूलभूत सुविधाओं की कमी, मुआवजा, भूमि अधिग्रहण में अनियमितताएं, तथा प्राधिकरणों के उदासीन एवं गलत रवैये के विषय में गंभीर चिंता व्यक्त की। साथ ही यह भी कहा गया कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में प्राधिकरण दलालों के प्रभाव में कार्य कर रहे हैं, जिसके कारण किसानों के वैध कार्य भी लंबित पड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना ने अपने उद्बोधन में स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान हर हाल में कराया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो किसान आंदोलन का कोई भी रूप अपनाने से पीछे नहीं हटेंगे।
जिला अध्यक्ष अशोक भाटी ने सरकार से किसानों के हित में सख्त एवं प्रभावी “किसान एक्ट” लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि किसानों का शोषण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और बिना किसान की सहमति के भूमि अधिग्रहण पूर्णतः बंद होना चाहिए।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि तीनों प्राधिकरणों के साथ निरंतर संवाद एवं बैठकें की जाएंगी, ताकि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि यदि प्राधिकरण किसानों की समस्याओं का समाधान करने में विफल रहते हैं, तो योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित नोएडा दौरे के बाद एक बड़े जनआंदोलन की शुरुआत की जाएगी।
इस प्रस्ताव पर उपस्थित सभी किसानों एवं कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया और एकजुटता का संदेश दिया। बैठक में प्रमोद टाइगर, संदीप अवाना, अमित अवाना, सुंदर बाबा, प्रवीण बाबा, धीरेश नंबरदार, दीपक भाटी, सिंह राज गुर्जर, अनिल अवाना, सचिन अवाना, सतपाल अवाना, कंवर सिंह, बलराज विधूड़ी सहित सैकड़ों की संख्या में किसान एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह बैठक किसानों की एकता, संघर्ष और अधिकारों की रक्षा के लिए एक मजबूत संकल्प के रूप में सामने आई, जिसने आने वाले समय में बड़े आंदोलन की दिशा तय कर दी है।
