विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर हुई चर्चा
नोएडा अरावली सेक्टर-52 में रविवार शाम 5 बजे रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की वार्षिक आम बैठक (AGM) का आयोजन किया गया। बैठक में सेक्टर के बड़ी संख्या में निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वर्षभर की गतिविधियों की समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत शांतिपूर्ण माहौल में हुई, जिसमें आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों द्वारा पूरे वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। साथ ही, वर्ष के दौरान किए गए विकास कार्यों की जानकारी साझा की गई और आगामी वर्ष के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान बिजली, सड़क, पेयजल व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर बिंदुवार चर्चा की गई। उपस्थित निवासियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिनका आरडब्ल्यूए की ओर से संतोषजनक समाधान प्रस्तुत किया गया।
आरडब्ल्यूए ने सभी निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और बेहतर सुविधाओं के लिए सभी का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ओ.पी. यादव ने कहा कि, “सेवा, समर्पण और संघर्ष हमारी पहचान है। निवासियों का सहयोग ही हमें निरंतर ऊर्जावान और सक्रिय बनाए रखता है। हम विश्वास दिलाते हैं कि सेक्टर के विकास और निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।”
बैठक के अंत में एकता और अधिकारों की रक्षा के संकल्प को दोहराते हुए सभी का पुनः धन्यवाद किया गया।
