नोएडा में श्रमिक आंदोलन पर पुलिस मुख्यालय की कड़ी नजर

उत्तर प्रदेश राज्य

नोएडा जनपद नोएडा में चल रहे श्रमिक आंदोलन की स्थिति पर उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा लगातार उच्चस्तरीय निगरानी रखी जा रही है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण तथा अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश कंट्रोल रूम से पल-पल की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार नोएडा पुलिस और प्रशासन द्वारा श्रमिकों, प्रबंधन पक्ष तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ निरंतर संवाद और समन्वय स्थापित किया जा रहा है, ताकि स्थिति का शांतिपूर्ण एवं न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
प्रभावित क्षेत्रों में आमजन की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन लागू किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से प्रभावित क्षेत्रों की ओर न जाएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि श्रमिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। पुलिस बल प्रयोग के बजाय संवाद, मध्यस्थता और शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में कार्य कर रही है तथा कंपनी प्रबंधन और श्रमिकों के बीच सेतु की भूमिका निभा रही है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नोएडा और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी, पैरामिलिट्री फोर्स, राजपत्रित अधिकारी और थाना प्रभारी तैनात किए गए हैं।
वहीं, सोशल मीडिया पर भ्रामक और उत्तेजक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक दो एक्स (X) हैंडल्स के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जा चुकी है, जबकि 50 से अधिक संदिग्ध बॉट हैंडल चिन्हित किए गए हैं, जो पिछले 24 घंटों में बनाए गए और अफवाह फैलाने में सक्रिय पाए गए। इस पूरे मामले की विस्तृत जांच उत्तर प्रदेश एसटीएफ द्वारा की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना, वीडियो या संदेश पर विश्वास न करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी को ही मानें।
इसी क्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश के साथ पुलिस मुख्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नोएडा के सभी थानाध्यक्षों एवं अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रमिकों के साथ सहानुभूतिपूर्ण संवाद बनाए रखा जाए, संयम न खोया जाए तथा अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, हिंसा या अफवाह फैलाने वाले तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में उत्तर प्रदेश शासकीय एवं सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी और नुकसान की भरपाई भी संबंधित व्यक्तियों से वसूली जाएगी।
पुलिस महानिदेशक ने आमजन को आश्वस्त करते हुए कहा कि स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। उत्तर प्रदेश पुलिस शांति, सुरक्षा और जनसुविधा बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *