केदारनाथ यात्रा 2026: ग्रीन और प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था पर सरकार का फोकस

उत्तराखंड राज्य

रुद्रप्रयाग। आगामी 22 अप्रैल से शुरू होने वाली श्री केदारनाथ धाम यात्रा को इस बार “ग्रीन यात्रा” और प्लास्टिक मुक्त बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद रुद्रप्रयाग पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का ग्राउंड जीरो पर निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक सड़क मार्ग से यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जवाड़ी बाईपास, निर्माणाधीन सुरंग, तिलवाड़ा, बांसवाड़ा और कुंड-काकड़ागाड़ जैसे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों का जायजा लिया।

उन्होंने सड़क सुरक्षा, पेचवर्क, झाड़ी कटान, साइनेज, क्रैश बैरियर और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी लंबित कार्यों को यात्रा शुरू होने से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।

गुप्तकाशी में आयोजित समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के साथ मानवीय और सौम्य व्यवहार रखने पर जोर दिया। उन्होंने हेलीपैड पर यात्री शेड, लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्रों के पास पुलिस चौकियों में दवाइयां, पेयजल और फूड पैकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यात्रा को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने भ्रामक खबरें फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। साथ ही सभी हितधारकों के साथ संवाद बनाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने “वोकल फॉर लोकल” अभियान के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को यात्रा से जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया। इसके अलावा पैदल मार्गों पर पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार से अतिरिक्त गैस आपूर्ति की मांग की गई है, जिससे यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस दौरान जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *