कुंभ से पहले बड़ा बदलाव: हरिद्वार का शंकराचार्य चौक होगा आधुनिक

उत्तराखंड राज्य

हरिद्वार। शहर के प्रमुख शंकराचार्य चौक का स्वरूप जल्द ही पूरी तरह बदलने जा रहा है। चौराहे के मध्य स्थापित आदि शंकराचार्य की प्रतिमा को गंगा तट पर भव्य एवं दिव्य स्वरूप में स्थापित किया जाएगा। इसके लिए रविवार को विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

शंकराचार्य चौक से छह प्रमुख मार्ग विभिन्न दिशाओं में निकलते हैं। साथ ही दिल्ली–देहरादून फ्लाईओवर बनने के बाद यहां यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने आगामी कुंभ मेले के मद्देनजर प्रतिमा को स्थानांतरित करने और चौक के सौंदर्यीकरण का निर्णय लिया है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में निर्वाण पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती, महानिर्वाणी अखाड़ा के सचिव रवींद्र पुरी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भी शामिल हुए।

अधिकारियों के अनुसार यह कार्य संत समाज के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है। प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका के मार्गदर्शन में चौक का आधुनिक और आकर्षक विकास किया जाएगा।

परियोजना पूर्ण होने के बाद शंकराचार्य चौक न केवल अधिक सुंदर और व्यवस्थित दिखाई देगा, बल्कि यातायात भी सुचारु होगा, जिससे आमजन और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार, हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार सिंह, उद्यान अधिकारी आशाराम जोशी, सहायक अभियंता वर्षा, पार्षद अनुज कुमार सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *