पिथौरागढ़ में वृक्षारोपण अभियान, 20 हजार पौधों से हरित संदेश

उत्तराखंड राज्य

पिथौरागढ़। हरेला सप्ताह के अंतर्गत 130 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) इकोलॉजिकल कुमाऊँ की ओर से शनिवार को विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। चंडाक के निकट गुनसेरा गांव और बुंगाचीना के अगनिया गांव में आयोजित इस अभियान के दौरान कुल 20 हजार पौधे रोपे गए।

अभियान में बटालियन के अधिकारियों और जवानों के साथ स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया।

बटालियन अधिकारियों ने बताया कि यह वृक्षारोपण अभियान हरेला सप्ताह के तहत चलाए जा रहे व्यापक कार्यक्रम का हिस्सा है। इस अभियान के अंतर्गत पूरे सप्ताह में 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य हिमालयी क्षेत्र में हरित आवरण को बढ़ावा देना, मृदा संरक्षण को मजबूत करना, पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना और आम लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।

130 इन्फैंट्री बटालियन ने स्थानीय नागरिकों, विद्यालयों और सहयोगी संस्थाओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। बटालियन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है और लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य धरोहर है।

हरेला सप्ताह के तहत चलाया जा रहा यह वृक्षारोपण अभियान आगामी 16 जुलाई को हरेला पर्व तक लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *