उत्तराखंड को मिली आधुनिक रेलवे की नई पहचान, हर्रावाला स्टेशन राष्ट्र को समर्पित

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में देहरादून का पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन दून घाटी की प्राकृतिक सुंदरता और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। स्टेशन परिसर में पारंपरिक ऐपण कला को स्थान दिया गया है, जबकि यात्रियों के लिए आधुनिक और अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारतीय रेलवे तेजी से आधुनिक हो रही है। वंदे भारत और नमो भारत जैसी स्वदेशी ट्रेनों ने देश की रेल व्यवस्था को नई पहचान दी है।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। यह परियोजना पर्वतीय क्षेत्रों में पर्यटन, रोजगार और आर्थिक विकास को नई गति देगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उत्तराखंड को रेलवे अवसंरचना विकास के लिए 4,769 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट मिला है, जबकि प्रदेश में 39,491 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पुनर्विकसित हर्रावाला रेलवे स्टेशन उत्तराखंड की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा और विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड के संकल्प को नई मजबूती देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *