देहरादून में बड़ा हादसा टला, संतला देवी के पास नदी में फंसे सात लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू

उत्तराखंड राज्य

देहरादून: लगातार हो रही बारिश के चलते देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र स्थित संतला देवी मंदिर के पास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया. जिसके चलते नदी के बीच बने टापू पर सात लोग फंस गए. जिससे उनकी जान हलक में आ गई. ऐसे में स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद थाना कैंट पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. फिर रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. वहीं, समय रहते किए गए रेस्क्यू की वजह से संभावित बड़ा हादसा टल गया.

जानकारी के मुताबिक, रविवार यानी 19 जुलाई को सीसीआर देहरादून के माध्यम से सूचना मिली कि संतला देवी मंदिर के पास नदी के बीच बने टापू पर सात लोग फंस गए हैं. चारों ओर तेज बहाव होने के कारण वे बाहर नहीं निकल पा रहे हैं. सूचना मिलते ही सहस्त्रधारा स्थित एसडीआरएफ की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई. मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव काफी बढ़ चुका था.

हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीआएएफ ने सिविल पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया. तेज बहाव, फिसलन भरे किनारे और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने विशेष रेस्क्यू उपकरणों की मदद से नदी के बीच फंसे सभी लोगों तक पहुंच बनाई. इसके बाद एक-एक कर सभी सात लोगों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया.

घूमने गए और फंस गए: एसडीआरएफ ने कार्रवाई करते हुए सभी सात लोगों की जान सुरक्षित बचा ली गई. बताया जा रहा है कि सभी लोग घुमने गए थे. जो वहां पर तेज पानी के बहाव में फंस गए. जिसके चलते उनकी जिंदगी सांसत में आ गई. गनीमत रही कि समय रहते ही उनका रेस्क्यू कर लिया गया, नहीं तो किसी अनहोनी से भी इनकार नहीं किया जा सकता था.

रेस्क्यू किए गए लोगों के नाम-

  1. मुकेश (उम्र 35 वर्ष), निवासी- बल्लीवाला, देहरादून
  2. सुशील (उम्र 36 वर्ष), निवासी- सीमाद्वार, देहरादून
  3. प्रेम कुमार (उम्र 27 वर्ष), निवासी- सीमाद्वार, देहरादून
  4. रोशन गुप्ता (उम्र 32 वर्ष), निवासी- सीमाद्वार, देहरादून
  5. राजीव (उम्र 30 वर्ष), निवासी- सीमाद्वार, देहरादून
  6. पवन सिंह (उम्र 25 वर्ष), निवासी- सीमाद्वार, देहरादून
  7. सूरज साहनी (उम्र 30 वर्ष), निवासी- सीमाद्वार, देहरादून

बारिश का अलर्ट, नदी-नालों से दूर रहने की अपील: बता दें कि मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. जिसके तहत 20 जुलाई को देहरादून, चंपावत, नैनीताल, उधम सिंह नगर, टिहरी, उत्तरकाशी, हरिद्वार, पौड़ी और बागेश्वर जिले भारी बारिश की संभावना जताई गई है. ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है. साथ ही नदी नालों को दूर रहने को कहा गया है.

लोगों के फंसे होने की सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर रेस्क्यू अभियान चलाकर सातों लोगों को बचाया है. आम जनता से लगातार अपील की जा रही है कि भारी बारिश के दौरान नदियों के आसपास न जाए.“- राजबर राणा, उप निरीक्षक, एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *