उत्तराखंड के छात्रों के लिए बड़ी पहल, VMSBUTU-नाइलिट ने किया समझौता

उत्तराखंड राज्य

नई दिल्ली। वीर माधो सिंह भण्डारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (VMSBUTU), देहरादून और राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाइलिट) के बीच डिजिटल कौशल विकास और प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को नई दिल्ली स्थित नाइलिट मुख्यालय में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

एमओयू पर विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. (डॉ.) तृप्ता ठाकुर और नाइलिट की ओर से महानिदेशक डॉ. एम.एम. त्रिपाठी ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

समझौते के तहत दोनों संस्थान डिजिटल शिक्षा, कौशल विकास और तकनीक आधारित शिक्षण के क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। इसके अंतर्गत क्रेडिट आधारित ऑनलाइन पाठ्यक्रम, राष्ट्रीय कौशल योग्यता रूपरेखा (NSQF) के अनुरूप प्रशिक्षण, विशेष कौशल विकास कार्यक्रम तथा नाइलिट डिजिटल यूनिवर्सिटी प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न डिजिटल स्किलिंग पहल संचालित की जाएंगी।

इस साझेदारी से विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अन्य शिक्षार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार किए गए उच्च गुणवत्ता वाले पाठ्यक्रमों तक पहुंच मिलेगी। इससे उनकी डिजिटल दक्षता और रोजगारपरक कौशल में वृद्धि होगी तथा बदलती तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप उनकी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता मजबूत होगी।

दोनों संस्थानों ने इसे उच्च शिक्षा में नवाचार, अकादमिक जगत और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय तथा आधुनिक तकनीकी दक्षताओं से युक्त कुशल मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *