नई दिल्ली। भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस आज धूमधाम से मना रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किला परिसर में आयोजित मुख्य समारोह की अगुवाई करेंगे। पीएम मोदी 13वीं बार लाल किले की प्रचीर से देश को संबोधित करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में पहली बार लाल किले की प्राचीर पर राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन होगा। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह भव्य आयोजन राष्ट्रगीत वंदे मातरम की 150 साल पुरानी गौरवशाली परंपरा को समर्पित है।
इसके साथ ही 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर युवा शक्ति की ऊर्जा, सपनों और अहम भूमिका का भी उत्सव मनाया जाएगा। देश के कोने-कोने में राज्यों की राजधानियों समेत अन्य शहरों और कस्बों में ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
स्वागत और सलामी
लाल किला पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह करेंगे। दिल्ली क्षेत्र के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल राजेश सेठी उन्हें सलामी मंच तक ले जाएंगे।
थल सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस के संयुक्त दल द्वारा सलामी दी जाएगी। प्रधानमंत्री सलामी गारद का निरीक्षण करेंगे। इस साल भारतीय सेना को समन्वयक सेवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सलामी गारद की कमान लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन सिंह संभालेंगे।
तिरंगा फहराना और 21 तोपों की सलामी
प्रधानमंत्री सलामी गारद का निरीक्षण करने के बाद लाल किले की प्राचीर पर पहुंचेंगे। कैप्टन सोनिया सिंह चौहान उन्हें राष्ट्रीय ध्वज फहराने में सहायता करेंगी। ध्वजारोहण के साथ 1721 फील्ड बैटरी द्वारा 21 तोपों की सलामी दी जाएगी।
ध्वज फहराने के समय सेना का बैंड ‘वंदे मातरम्’ की धुन बजाएगा। लाल किले पर मौजूद सभी लोग सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन करेंगे, जिसके बाद राष्ट्रगान गाया जाएगा।
हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा
ध्वजारोहण के लगभग उसी समय भारतीय वायु सेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर पुष्पवर्षा करेंगे। एक हेलीकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज और दूसरा ‘वंदे मातरम्’ अंकित ध्वज लेकर उड़ान भरेगा।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद एनसीसी कैडेट और ‘मेरा भारत’ के स्वयंसेवक फिर से ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन करेंगे। समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। गुरुवार को लाल किले पर इस कार्यक्रम की फुल-ड्रेस रिहर्सल भी हो चुकी है।
