उत्तराखंड BJP का चुनावी महामंथन, 634 नेताओं से संवाद कर नितिन नवीन लेंगे जमीनी फीडबैक

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कुमाऊं दौरे में संगठन के साथ संवाद को इस बार बेहद व्यापक रूप दिया गया है। देहरादून में प्रथम प्रवास के दौरान नितिन नवीन ने मेयर, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष और विधायकों से अलग-अलग समूहों में संवाद किया था।

इसके अलावा कार्यकारिणी व पदाधिकारियों समेत 134 नेताओं के साथ भी उन्होंने चर्चा की थी। इस बार वह विस्तारित प्रदेश कार्यकारिणी के साथ चुनाव की तैयारियों को लेकर संवाद करेंगे, जिसमें 634 भाजपा नेता व कार्यकर्ता शामिल होंगे।

विस्तारित कार्यकारिणी में मंत्री, सांसद, विधायक, दायित्वधारियों के साथ मेयर, ब्लाक प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे।

इतनी बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ एक मंच पर संवाद को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

संवाद में केवल संगठनात्मक विषयों पर चर्चा नहीं होगी, बल्कि सरकारी योजनाओं के जमीनी असर, विकास कार्यों की प्रगति और जनता की अपेक्षाओं पर भी फीडबैक लिया जाएगा।

जनप्रतिनिधियों से क्षेत्र में आ रही प्रमुख समस्याओं, विकास की प्राथमिकताओं और सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर मिले फीडबैक को भी चर्चा में शामिल किया जाएगा।

बैठक में विकसित उत्तराखंड का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इसके तहत प्रदेश के विकास की आगामी दिशा, रोजगार, निवेश, पर्यटन, सड़क और कनेक्टिविटी, पहाड़ में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार तथा शहरी क्षेत्रों की आवश्यकताओं को लेकर व्यापक दृष्टिकोण तैयार करने पर जोर रहेगा।

पिछली बैठक में जहां संवाद अपेक्षाकृत छोटे समूहों तक सीमित था। वहीं, इस बार 634 नेताओं को जोड़कर भाजपा नेतृत्व ने संवाद का दायरा कई गुना बढ़ाया है।

इससे संगठन को अलग-अलग क्षेत्रों से सीधे फीडबैक मिलने के साथ ही चुनाव से पहले स्थानीय स्तर की प्राथमिकताओं को प्रदेश स्तर की रणनीति में शामिल करने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *