सीएम योगी किसानों को आज भेजेंगे 483 करोड़ रुपये, नौ लाख अन्न दाताओं के खाते में आएंगे पैसे

उत्तर प्रदेश राज्य

गोरखपुर। बाढ़ और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर से प्रदेश के 9.18 लाख से अधिक किसानों को बड़ी राहत देंगे। योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 493 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि किसानों के खातों में भेजेंगे। यह धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचेगी। मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।

प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को हुए नुकसान के बाद सरकार ने राहत एवं सहायता की प्रक्रिया तेज की है। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष की शुरुआत से 9 अक्टूबर तक प्रदेश में बाढ़, अतिवृष्टि, चक्रवात और ओलावृष्टि से फसल क्षति वाले 9 लाख 18 हजार 91 किसान चिन्हित किए गए हैं। इन किसानों को कृषि निवेश अनुदान के रूप में 493 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।

सितंबर के अंतिम सप्ताह में आए चक्रवात के साथ हुई अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रदेश के कई जिलों में फसलों को व्यापक नुकसान हुआ। खेतों में पानी भरने से धान समेत अन्य फसलों को क्षति पहुंची। सरकार की ओर से नुकसान का आकलन पूरा कर प्रभावित किसानों को राहत देने की प्रक्रिया शुरू की गई। बाढ़ का पानी उतरने के साथ ही किसानों के खातों में सहायता राशि भेजने की कार्रवाई तेज की गई।

राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार फसल क्षति के सापेक्ष 169 करोड़ रुपये कृषि निवेश अनुदान के लिए पहले ही जिलों को जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 1 लाख 29 हजार 326 किसानों को 78.75 करोड़ रुपये का कृषि निवेश अनुदान दिया जा चुका है। अब सोमवार को मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 493 करोड़ रुपये की सहायता राशि जारी की जाएगी।

जनहानि और मकान क्षति में भी 225.93 करोड़ की मदद

प्राकृतिक आपदाओं में फसल क्षति के साथ जनहानि, पशुहानि और मकान क्षति से प्रभावित परिवारों को भी सरकार ने सहायता उपलब्ध कराई है। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार विभिन्न आपदाओं में प्रभावित परिवारों को 225.93 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। सरकार का जोर फसल क्षति के साथ आपदा से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने पर है।

डीबीटी से सीधे खातों में पहुंचेगी रकम

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में किसानों को दी जाने वाली सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और पात्र किसानों तक राहत राशि सीधे पहुंच सकेगी। सोमवार को गोरखपुर से होने वाला यह कार्यक्रम प्रदेशभर के प्रभावित किसानों के लिए राहत की बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *