इगास उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, लोकपरंपराओं का संरक्षण जरूरी: सीएम धामी

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के नई दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचकर लोकपर्व इगास (बूढ़ी दीपावली) की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इगास को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और लोकपरंपराओं से जुड़ा पर्व बताते हुए इनके संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया।

मुख्यमंत्री धामी ने गुरुवार को नई दिल्ली में सांसद बलूनी के आवास पर इगास-बग्वाल पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और उन्हें सपरिवार पर्व की बधाई देते हुए सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इगास उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं का प्रतीक है। यह पर्व पूर्वजों से मिली परंपराओं को सहेजने के साथ ही अपनी जड़ों और मिट्टी से जुड़े रहने का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोकपर्व सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी प्रेम की भावना को मजबूत करते हैं। ऐसे पर्वों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवनशैली से परिचित कराने का अवसर मिलता है।

राज्य सरकार लोकसंस्कृति, लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इगास जैसे लोकपर्वों को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने से उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया में नई पहचान मिल रही है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और डा.धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।

गृह मंत्री शाह ने की इगास-बग्वाल पर कार्यक्रम की शुरुआत

इससे पहले सांसद बलूनी के आवास पर पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इगास-बग्वाल पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत अग्नि प्रज्ज्वलित कर की। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, पीयूष गोयल, अश्विनी वैष्णव, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा व दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ ही सीडीएस जनरल एनएस राजा व पूर्व सीडीएस अनिल चौहान भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *