गायत्री परिवार और संघ का कार्य ईश्वरीय, सनातन धर्म का उत्थान नियति का लेख: मोहन भागवत

उत्तराखंड राज्य

हरिद्वार: गायत्री परिवार और संघ परिवार का कार्य ईश्वरीय कार्य है. सनातन धर्म का उत्थान भगवान की इच्छा है, लेकिन इसके लिए भगवान स्वयं किसी को श्रेय नहीं देते, बल्कि लोगों को योग्य बना कर उनसे पुरुषार्थ कराते हैं. भगवान राम ने भी रावण का वध वानर सेना को संगठित करने के बाद किया और भगवान कृष्ण ने पांडवों के शस्त्र उठाने के बाद धर्म की स्थापना कराई. इसलिए सनातन संस्कृति के उत्थान के लिए स्वयं को योग्य बनाकर दृढ़ संकल्प और श्रद्धा के साथ निरंतर कार्य करना होगा. यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने शनिवार को शांतिकुंज में आयोजित गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह के दौरान अपने संबोधन में कहीं.

शनिवार को समारोह में सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि, दुनिया के कार्यकर्ताओं के लिए भगवान हनुमान आदर्श हैं. भगवान हनुमान का संकल्प था कि जब तक रामकाज पूरा नहीं होगा, तब तक विश्राम नहीं करेंगे. उन्होंने मोतियों की माला तक त्याग दी थी. इसी तरह जीवन में दृढ़ श्रद्धा, निष्ठा और अनुष्ठान का भाव लेकर अपने कार्य को आगे बढ़ाना जरूरी है. स्वयं को पवित्र बनाकर संपूर्ण मानवता को पवित्रता के वातावरण में खड़ा करना और भौतिकता से मोहित समाज को वास्तविकता एवं आध्यात्मिकता का बोध कराना ही हमारा उद्देश्य होना चाहिए.

भागवत ने कहा कि गायत्री परिवार को 100 वर्ष और संघ परिवार को 101 वर्ष पूरे हो चुके हैं. किसी संगठन को सौ वर्षों तक संचालित करना आसान नहीं है. बड़े संगठन और उनके विभिन्न आयामों को इतने लंबे समय तक स्थापित बनाए रखना और भी कठिन कार्य है. इसके पीछे निरंतर साधना, समर्पण और उद्देश्य के प्रति प्रतिबद्धता होती है. दोनों संगठनों की यात्रा इस बात का उदाहरण है कि संकल्प और निरंतर पुरुषार्थ से लंबे समय तक समाज में कार्य किया जा सकता है.

भागवत कहा कि विश्व में सनातन धर्म का उत्थान भगवान की इच्छा है, लेकिन भगवान इसे एक पल में पूरा नहीं करना चाहते. भगवान श्रेय नहीं लेते. जिन्हें इस कार्य का श्रेय मिलना है, उन्हें योग्य बनाकर भगवान परिश्रम कराते हैं. रावण का वध भगवान एक पल में कर सकते थे. उनकी एक दृष्टि से ही रावण अपने कुल सहित भस्म हो सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. वानर सेना संगठित हुई और उसके पुरुषार्थ के बाद रावण का अंत हुआ. इसी तरह भगवान कृष्ण के नेतृत्व में पांडवों ने जब शस्त्र उठाए, तब धर्म की स्थापना हुई. इसलिए ईश्वरीय कार्यों में मनुष्य की भूमिका और उसका पुरुषार्थ महत्वपूर्ण है.

अतिथियों के संबोधन से पहले शांतिकुंज में गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह का दो दिवसीय आयोजन शनिवार को मंत्रोच्चारण, शंखनाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बैंड की धुनों के बीच शुरू हुआ. ध्वजारोहण और पूजन के साथ समारोह का शुभारंभ किया गया. समारोह में पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मभूमि आंवलखेड़ा, तपोभूमि मथुरा और कर्मभूमि शांतिकुंज हरिद्वार से दिव्य ज्योति कलश पहुंचे. इन कलशों के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरण और युग निर्माण का संदेश प्रसारित किया गया था.

देव मंच पर शांतिकुंज प्रमुख शैलदीदी, चिन्मय पंड्या और शेफाली पंड्या ने कलशों पर पुष्प अर्पित किए. समारोह में माता भगवती देवी स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया गया. साथ ही शांतिकुंज और माता भगवती देवी से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई. इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज, स्वामी विश्वेश्वरानंद, स्वामी परमात्मानंद, स्वामी हरिचेतनानंद, डॉ. एनके शर्मा, डॉ. विद्या धस्माना और फिरोज मिस्त्री सहित कई संत, विद्वान और गणमान्य लोग मौजूद रहे.

करीब 20 वर्ष पहले सनातन धर्म के भविष्य को लेकर लोगों के मन में कई तरह की चिंताएं और शंकाएं थीं. उस समय परिस्थितियां देखकर सवाल उठते थे कि आगे क्या होगा, लेकिन पिछले 100 वर्षों में जो उत्थान हुआ है, उसके बाद अब सनातन धर्म को लेकर शंकित होने की आवश्यकता नहीं है. सनातन धर्म नियति का लेख है और उसका उत्थान होना ही है. परिस्थितियों को देखकर डरने की जरूरत नहीं है. मन में भय हो तो परिस्थितियां अधिक विकट दिखाई देती हैं, जबकि संकल्प और उत्साह होने पर विपरीत परिस्थितियां भी चुनौती के रूप में सामने आती हैं. वीरों के लिए कठिन परिस्थितियां नया उत्साह पैदा करती हैं.
-मोहन भगवत, संघ प्रमुख-

भागवत ने संबोधन में आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ पर प्रतिबंध लगा और उस समय परिस्थितियां अत्यंत कठिन थीं. वर्तमान समय में भी चुनौतियां हैं और कई बार चुनौतियां पहले से अधिक विकट होती दिखाई देती हैं. लेकिन सूर्योदय से पहले रात सबसे अधिक काली होती है. वर्तमान में विश्व के सामने ऐसी समस्याएं हैं, जिनका समाधान दुनिया के पास नहीं है. दुनिया के लोगों को पता है कि इन समस्याओं का उपाय भारत के पास है. उन्हें भारत से समाधान की अपेक्षा है, क्योंकि भारत के पास जीवन को देखने और समस्याओं का समाधान करने की एक अलग दृष्टि है.

भागवत ने कहा कि, दुनिया के कुछ बड़े हितों के लिए भारत का आगे बढ़ना अनुकूल नहीं भी हो सकता है. भारत के बड़ा होने से कुछ लोगों की दुकानें बंद हो सकती हैं. लेकिन इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है. दुनिया की समस्याओं का समाधान भारत के पास है, इस बात को हमें स्वयं समझना होगा. सनातन संस्कृति के आधार पर व्यक्ति, राष्ट्र और संपूर्ण विश्व का जीवन खड़ा करने के प्रयास ईश्वरीय इच्छा से हो रहे हैं. इसके लिए स्वयं को योग्य बनाना और पुरुषार्थ करना होगा. धर्म और संस्कृति का उत्थान निश्चित है, लेकिन इसके लिए हमें स्वयं को ठीक रखना होगा. इसके लिए कौन सी तपस्या करनी है, इसका मार्ग हमारे पास लिखित, मौखिक और जीवन के व्यवहार में मौजूद है.

उन्होंने कहा कि, तपस्या के साथ चुनौतियां भी आती हैं. सौ वर्ष पूरे होने के बाद किसी संगठन के सामने चुनौतियों का स्वरूप बदल जाता है. शुरुआत में उपेक्षा होती है, फिर विरोध करने वाले सामने आते हैं. लंबे समय तक कार्य चलने पर समाज को संगठन के कार्यों का परिचय होता है और उसके मन में विश्वास पैदा होता है. धीरे-धीरे समाज का समर्थन मिलने लगता है और अनुकूलता के दिन आते हैं. लेकिन अनुकूल परिस्थितियों में भी सावधान रहना पड़ता है.

अनुकूलता के साथ मोह और आकर्षण भी आते हैं. ये चुनौतियां संगठन से अधिक उससे जुड़े व्यक्तियों के सामने होती हैं. ऐसे समय में यह विचार करना पड़ता है कि जिस कार्य को स्वीकार कर आगे बढ़े हैं, उसे पूरा करना है या अपने व्यक्तिगत हित के बारे में सोचना है. जीवन में ऐसे प्रसंग आते हैं, इसलिए सभी को हर परिस्थिति में अपने उद्देश्य और संकल्प के प्रति सावधान रहना चाहिए.
-मोहन भगवत, संघ प्रमुख-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *