उत्तराखंड चुनाव की तैयारी तेज: कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं की नौ जनसभाओं का खाका तैयार, 15 दिसंबर तक चलेंगे कार्यक्रम

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। भाजपा के बाद अब कांग्रेस भी अपने केंद्रीय नेताओं को मैदान में उतार कर माहौल गर्माने जा रही है। पार्टी ने अगले तीन सप्ताह के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की नौ जनसभाएं कराने का खाका तैयार किया है।

15 दिसंबर तक के लिए निर्धारित इन कार्यक्रमों के जरिये कांग्रेस पहाड़ से लेकर मैदान तक चुनावी समीकरण साधने के साथ ही अपने चुनावी अभियान को गति देगी। यही नहीं, देहरादून अथवा हल्द्वानी में कार्यकर्ता सम्मेलन की रूपरेखा भी तय की जा रही है, जिसमें राहुल गांधी बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद कर चुनावी टिप्स देंगे।

पिछले दो विधानसभा चुनावों से कांग्रेस राज्य की सत्ता से दूर चल रही है। इसे देखते हुए अब अगामी विधानसभा चुनाव के लिए वह अपनी तैयारियों में कोई कोर-कसर छोड़ने के मूड में नहीं है। वह जनता के बीच तमाम मुद्दों को उठा रही है। साथ ही उसकी योजना है कि चुनाव की घोषणा से पहले बड़े नेताओं के माध्यम से भी माहौल को अपने पक्ष में करने का प्रयास किया जाए।

इस क्रम में पार्टी ने अपनी प्रस्तावित रणनीति के तहत प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में केंद्रीय नेताओं जनसभाओं के लिए 13 स्थान चिह्नित किए हैं। इनमें पिथौरागढ़, गौचर, अल्मोड़ा, पौड़ी, सहसपुर, डोईवाला, चिन्यालीसौड़, हरिद्वार, रुड़की, रुद्रपुर, काशीपुर, नैनीताल व हल्द्वानी शामिल हैं। इनमें से नौ स्थानों का चयन कर कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की अलग-अलग सभाएं कराने की योजना है।

कार्यक्रमों की तिथियां जल्द ही तय की जाएंगी

प्रियंका गांधी ने पौड़ी व अल्मोड़ा में सभाएं करने की इच्छा जताई है। इसके अलावा देहरादून अथवा हल्द्वानी में कार्यकर्ता सम्मेलन भी प्रस्तावित है, जिसमें राहुल गांधी मौजूद करेंगे। प्रदेश नेतृत्व की ओर से 15 दिसंबर तक के इन कार्यक्रमों की रूपरेखा केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी गई है।

कांग्रेस की इस रणनीति के पीछे पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों में राजनीतिक संदेश पहुंचाने की मंशा है। पार्टी चाहती है कि राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में स्थानीय संगठन को सक्रिय कर कार्यकर्ताओं को चुनावी मोड में लाया जाए। सभाओं में बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है।

साथ ही प्रदेश सरकार के कामकाज को भी कठघरे में खड़ा किया जाएगा। उधर, कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के कार्यक्रमों की तिथियां जल्द ही तय की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *