देहरादून: 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है. बलबीर रोड स्थित प्रदेश मुख्यालय में CM धामी और प्रदेश प्रभारी राम माधव ने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया. इस मौके पर प्रदेश मुख्यालय में विधिवत पूजा-पाठ किया गया. इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विकास कार्यों के दम पर फिर जीत का भरोसा जताया.
देहरादून बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में गुरुवार को चुनावी गतिविधियों की औपचारिक शुरुआत हो गई. मंत्रोच्चार, हवन और यज्ञ के बीच पार्टी के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया गया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने विधिवत रूप से चुनाव कार्यालय का शुभारंभ किया. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
मुख्यालय में चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही भाजपा ने साफ संकेत दे दिए हैं कि पार्टी अब आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गई है. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी और संगठन की सक्रियता को देखते हुए इसे भाजपा के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है.
चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा पार्टी ने चुनाव का बिगुल फूंक दिया है. भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश प्रभारी राम माधव ने विधिवत रूप से चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया है. इससे पार्टी की चुनावी तैयारियों को नई दिशा मिलेगी. महेंद्र भट्ट ने बताया कार्यालय के शुभारंभ से पहले पूरे विधि-विधान के साथ हवन और यज्ञ किया गया. पार्टी की परंपरा के अनुसार शुभ कार्य की शुरुआत धार्मिक अनुष्ठान के साथ की गई है. यह कार्यालय अब चुनाव तक लगातार सक्रिय रहेगा. यहीं से पार्टी की चुनावी रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और अलग-अलग कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चुनाव कार्यालय को पार्टी के लिए बेहद खास और भाग्यशाली भी बताया.
इस कार्यालय से भाजपा का पुराना जुड़ाव रहा है. पहले भी कई चुनावों में पार्टी ने इसी स्थान से अपनी चुनावी गतिविधियां संचालित की हैं. महेंद्र भट्ट के मुताबिक, जब भी पार्टी ने यहां से चुनाव का संचालन किया है, उसे जीत हासिल हुई है. ऐसे में यह कार्यालय भाजपा के लिए काफी लकी रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी इसी स्थान से पार्टी की चुनावी रणनीति तैयार होगी. भाजपा जीत का सिलसिला आगे बढ़ाएगी.
-महेंद्र भट्ट, प्रदेश अध्यक्ष, उत्तराखंड बीजेपी
महेंद्र भट्ट ने चुनावी समितियों के गठन को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने कहा चुनाव से जुड़ी समितियों के गठन और उनके नामों की घोषणा जल्द की जाएगी. इसके साथ ही पार्टी सरकार के पांच से दस साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने रखने की तैयारी कर रही है. भाजपा की कोशिश है कि चुनाव से पहले सरकार के कामकाज और उपलब्धियों को व्यवस्थित तरीके से जनता के बीच रखा जाए. इसी क्रम में प्रदेश मुख्यालय में संविधान दिवस के अवसर पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया.
