उत्तराखंड के किसानों के लिए खुशखबरी: 2 लाख किसानों को मिलेगा 600 करोड़ का सहकारी ऋण, 1 दिसंबर से सभी 95 ब्लॉकों में लगेंगे मेले

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष दो लाख किसानों को सहकारी बैंकों के माध्यम से 600 करोड़ रुपये का ऋण वितरित करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए एक दिसंबर से प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में वृहद स्तर पर सहकारिता ऋण मेले आयोजित किए जाएंगे।

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को नाबार्ड मुख्यालय में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को इसकी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऋण मेलों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ किसानों को सरल प्रक्रिया से ऋण उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में भारत सरकार की वित्तपोषित योजनाओं, ब्याजमुक्त ऋण वितरण और सहकारी बैंकों की वित्तीय स्थिति की समीक्षा भी की गई। जिला सहकारी बैंकों के बढ़ते एनपीए पर मंत्री ने चिंता जताते हुए करीब 400 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया। अधिकारियों को इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

सात दिसंबर को फिर होगी समीक्षा

पिछली बैठक के निर्देशों की प्रगति रिपोर्ट तलब करते हुए मंत्री ने अपर, संयुक्त और उप निबंधकों को प्रत्येक एमपैक्स स्तर पर बैठक करने को कहा। सभी अधिकारियों को सात दिसंबर तक अनुपालन रिपोर्ट देनी होगी। इसी दिन मंत्री दोबारा समीक्षा करेंगे।

चमोली ने हासिल किया 63 प्रतिशत लक्ष्य

ऋण वितरण की जनपदवार समीक्षा में चमोली ने 63 प्रतिशत, ऊधमसिंह नगर ने 52, अल्मोड़ा ने 50 और हरिद्वार ने 49 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया। मध्यकालीन ऋण वितरण में पिथौरागढ़ 72 प्रतिशत उपलब्धि के साथ आगे रहा। बैठक में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, पैक्स, कामन सर्विस सेंटर और किसान समृद्धि केंद्रों की प्रगति भी प्रस्तुत की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *