खटीमा में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” शिविर: 1583 लोगों को लाभ, 58 शिकायतें पंजीकृत

उत्तराखंड राज्य

खटीमा। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बुधवार को विकास खण्ड खटीमा के न्यायपंचायत बण्डिया में राजकीय इंटर कॉलेज बण्डिया में भव्य बहुद्देशीय शिविर आयोजित हुआ। शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने की।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता और नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि यह कार्यक्रम पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का उनके द्वार जाकर समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का पात्र व्यक्तियों तक शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए।

विभागों द्वारा सेवा और लाभ

शिविर में 24 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने 509 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और दवा वितरण किया; होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक विभाग ने क्रमशः 160 और 130 लोगों का परीक्षण और दवा वितरण किया। एक्स-रे सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

श्रम विभाग ने 18 श्रम कार्ड बनाए, टूल किट, कंबल और छाता वितरित किए। पूर्ति विभाग ने 16 राशन कार्ड ई-केवाईसी, 25 आधार कार्ड अपग्रेड/नए बनाए। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन फार्म, दिव्यांग बस पास, शादी अनुदान, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र आदि के लिए सेवाएं प्रदान की।

शिविर में गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए गोदभराई, अन्नप्राशन और पौष्टिक आहार वितरण किया गया। शिक्षा विभाग ने 115 बच्चों को पुस्तकें और 2 बालिकाओं को साइकिल प्रदान की।

पशुपालन, डेरी, उद्यान, कृषि, विधिक सेवा प्राधिकरण, उद्योग, मत्स्य, सैनिक कल्याण, सहकारिता, गन्ना और बैंक विभागों ने भी लाभार्थियों को विभिन्न सेवाएं और जानकारी उपलब्ध कराई।

शिकायत निस्तारण

शिविर में कुल 58 शिकायतें पंजीकृत हुईं, जिनमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

उपस्थित अधिकारी

शिविर में सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र राणा, ग्राम प्रधान भावना कुंवर, मो. रफीक, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी, तहसीलदार वीरेन्द्र सजवान, उपाध्यक्ष सतीश भट्ट, खंड विकास अधिकारी संजय गांधी, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी, ईडीएम जादवेद पांडे और अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *