मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रेरित किया, स्वामी विवेकानंद को अर्पित किया श्रद्धासुमन

उत्तराखंड

देहरादून। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गांधी पार्क, देहरादून में आयोजित स्वदेशी संकल्प दौड़ का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक रुको मत” आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और देश की मजबूत नींव रखने में मार्गदर्शक की भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित बनाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी।

मुख्यमंत्री ने “वोकल फॉर लोकल” के संदेश को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्टार्टअप इंडिया, मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों को सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अनुशासन अपनाने, शिक्षा एवं कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, भाजपा के संगठन मंत्री अजेय कुमार, पार्टी पदाधिकारी तथा भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *