नोएडा 6 फरवरी 2026
भारतीय किसान यूनियन गौतमबुद्धनगर के जिला अध्यक्ष अशोक भाटी के नेतृत्व में भाकियू के एक प्रतिनिधिमंडल ने नवनियुक्त सीईओ नोएडा विकास प्राधिकरण श्री कृष्णा करुणेश से शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पदभार ग्रहण करने पर शुभकामनाएं दीं और साथ ही क्षेत्र में वर्षों से लंबित विकास कार्यों, किसानों, मजदूरों एवं ग्रामीणों से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
मुलाकात के दौरान जिला अध्यक्ष अशोक भाटी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारतीय किसान यूनियन हमेशा संवाद और शांतिपूर्ण वार्ता के माध्यम से समस्याओं के समाधान की पक्षधर रही है, लेकिन दुर्भाग्यवश लंबे समय से किसान, मजदूर और ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर प्राधिकरण के चक्कर काट रहे हैं। सुनवाई न होने से किसानों में भारी रोष व्याप्त है।अशोक भाटी ने कहा कि
“नोएडा प्राधिकरण की स्थापना को 50 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, लेकिन आज भी यहां के किसान अपनी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। आज़ादी के लगभग 78 वर्षों बाद भी किसान खुद को प्राधिकरण की बेड़ियों से मुक्त नहीं महसूस कर पा रहा है।”
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया, तो भारतीय किसान यूनियन को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्राधिकरण प्रशासन की होगी। इस पर सीईओ नोएडा श्री कृष्णा करुणेश ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि शीघ्र ही सभी संबंधित अधिकारियों एवं भाकियू पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें किसानों से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुभाष चौधरी, एनसीआर अध्यक्ष परविंदर अवाना, जिला अध्यक्ष अशोक भाटी,रविंद्र भगत जी, मनोज त्यागी ‘सुंदर बाबा’, प्रमोद टाइगर उपस्थित रहे।।
