गाँव सादोपुर की बेटी अनुष्का बैसौया ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया देश और क्षेत्र का मान

उत्तर प्रदेश राज्य

गाँव सादोपुर के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का विषय है कि गाँव की होनहार बेटी अनुष्का बैसौया (पुत्री श्री अरविंद कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक – Shriram Pistons & Rings Ltd., गाजियाबाद) एवं पौत्री ब्रह्म महाशय जी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर अपने परिवार, गाँव और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
अनुष्का बैसौया ने आयरलैंड की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी University College Dublin (UCD) में Graduate Officer पद के लिए हुए छात्र संघ चुनाव में अमेरिका और आयरलैंड सहित कई देशों के उम्मीदवारों के बीच शानदार जीत दर्ज की है।
गाँव निवासी रोहित मत्ते गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह चुनाव UCD Students’ Union के अंतर्गत आयोजित होता है, जो विश्वविद्यालय के हजारों छात्रों का प्रतिनिधित्व करता है तथा छात्रों के अधिकार, शिक्षा, सुविधाओं और कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों में सक्रिय भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि अनुष्का बैसौया इस पद पर चुनी जाने वाली एशिया की पहली छात्रा बनी हैं और वे वर्ष 2026–27 के लिए UCD Students’ Union का हिस्सा बनकर छात्रों के हितों और उनके अधिकारों के लिए कार्य करेंगी।
अपनी जीत पर खुशी और आभार व्यक्त करते हुए अनुष्का बैसौया ने कहा कि यदि हमारे गाँव, क्षेत्र या देश से कोई भी भाई-बहन पढ़ाई, काम या किसी अन्य कारण से आयरलैंड आते हैं तो उन्हें हर संभव सहायता और मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
अनुष्का की इस उपलब्धि से गाँव सादोपुर, क्षेत्र और पूरे देश में गर्व और खुशी का माहौल है। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने अनुष्का बैसौया और उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *