‘आत्मनिर्भर भारत तभी संभव जब नागरिक स्वस्थ हों’: द्रोपदी मुर्मु

उत्तर प्रदेश राज्य

— राष्ट्रपति बोलीं- कैंसर सबसे बड़ी चुनाैती राम किशन मिशन सेवा आश्रम में ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का किया लोकार्पण

वी पी एस खुराना

मथुरा जनपद के वृंदावन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को नगर के मथुरा मार्ग स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल पहुंचीं। यहां राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और रामकृष्ण मिशन सेवा आश्रम के सचिव सुप्रकाश आनंद एवं सह सचिव कालीकृष्णानंद ने बुके देकर राष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति ने ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का लोकार्पण किया।
रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम के नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत तभी संभव है, जब उसके नागरिक स्वस्थ हों। उन्होंने कहा कि आज कैंसर स्वास्थ्य से जुड़ी सबसे गंभीर चुनौतियों में से एक है। इस बीमारी का समय पर पता चलना और उच्च-स्तरीय इलाज मरीज की जान बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। लेकिन, कुछ परिवारों के लिए ऐसा लगता है कि उनकी आर्थिक परिस्थितियों के कारण, इस बीमारी का इलाज करवाना असंभव है।
इसके बाद राष्ट्रपति वृंदावन स्थित नींव करौरी बाबा आश्रम पहुंचीं। राष्ट्रपति का आश्रम में आगमन देवी मंदिर की ओर से हुआ, जहां पर उनका स्वागत राधाकृष्ण पाठक, देवेन्द्र कुमार शर्मा और सेवानिवृत्त ग्रुप कैप्टन संदीप भटेले ने किया। इसके बाद राष्ट्रपति द्राैपदी मुर्मू और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हनुमान मंदिर के दर्शन किए। राष्ट्रपति ने मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना की। हनुमान मंदिर की परिक्रमा लगाई। हनुमान मंदिर पर रामरूप पुजारी एवं टीसी शर्मा ने पूजा संपन्न कराई।
हनुमान मंदिर के दर्शन के बाद राष्ट्रपति ने नींव करौरी बाबा की समाधि स्थल व मंदिर के दर्शन किए। समाधि स्थल में उन्होंने पूजा की तथा समाधि स्थल की परिक्रमा लगाई। राष्ट्रपति को समाधि स्थल पर अभिषेक पुजारी एवं नरेंद्र मोहन अग्रवाल ने प्रसाद, पटुका, नींव करौरी बाबा का फोटो एवं कम्बल भेंट किया। राष्ट्रपति ने महाराज की कुटिया के दर्शन किए। आश्रम स्थित संग्रहालय का भ्रमण किया। उन्होंने संपूर्ण संग्रहालय का बारीकी से अवलोकन किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी एवं प्रभारी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह उपस्थित रहे।
इंसेट—
संत प्रेमानंद महाराज से की भेंट, आध्यात्मिक संवाद कर लिया आशीर्वाद
राष्ट्रपति मुर्मू ने संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचकर उनसे आध्यात्मिक विषयों पर चर्चा की। संत महाराज ने उन्हें ब्रज की भक्ति परंपरा, यमुना संरक्षण और समाज सेवा से जुड़े कार्यों की जानकारी दी। राष्ट्रपति ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संत समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
भेंट के दौरान संत प्रेमानंद महाराज ने राष्ट्रपति को आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया। वहीं राष्ट्रपति ने भी देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में संतों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *