उत्तराखंड में इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विस्तार, कनेक्टिविटी और पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि आगामी एक वर्ष में राज्य के कई महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पूरे होने जा रहे हैं, जिससे उत्तराखंड में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और पर्यटन व तीर्थाटन को अभूतपूर्व गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लोकार्पण के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर महज ढाई घंटे में संभव हो गया है। शुरुआती दिनों में इस आधुनिक एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों का अनुभव भी बेहद सकारात्मक रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क और रेल परियोजनाओं की यही रफ्तार आगे भी जारी रहेगी।

राज्य में केंद्र सरकार के सहयोग से करीब 1.30 लाख करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न इंफ्रा परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। देहरादून को जल्द ही 1650 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा पांवटा साहिब-देहरादून फोरलेन मार्ग मिलेगा, जो लगभग पूरा हो चुका है। जून तक सहारनपुर बाईपास से हरिद्वार तक 51 किमी लंबा छह लेन हाईवे भी शुरू होने की संभावना है।

इसी वर्ष अक्टूबर तक हरिद्वार बाईपास के पहले चरण को पूरा करने की तैयारी है, जिसकी लागत करीब 1600 करोड़ रुपये है और यह आगामी कुंभ मेले के लिए अहम साबित होगा। वहीं, 1100 करोड़ की लागत वाली ऋषिकेश बाईपास परियोजना पर अगस्त तक काम शुरू होने की उम्मीद है। 716 करोड़ की लागत से बन रहा झाझरा-आशारोड़ी एलिवेटेड रोड अगले साल अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

कुमाऊं क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। 1050 करोड़ की लागत से बन रहा रुद्रपुर फोरलेन बाईपास अक्टूबर तक तैयार हो जाएगा, जिससे शहर को जाम से राहत मिलेगी। वहीं, काशीपुर बाईपास दिसंबर तक पूरा होने की संभावना है।टनकपुर- पिथौरागढ़-लिपुलेख सड़क परियोजना भी अगले एक साल में पूरी होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप राज्य में सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है।उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल के अंत तक कर्णप्रयाग रेललाइन के प्रथम चरण का लोकार्पण भी किया जा सकेगा, जिससे पर्यटन और तीर्थाटन को नई दिशा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *