गाजियाबाद में संदिग्ध हालात में वृद्धा की मौत, बालकनी से लटका मिला शव

उत्तर प्रदेश राज्य

गाजियाबाद। देश की राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एनएच-24 स्थित गोल्फलिंक की आशियाना ली रेजीडेंसी सोसाइटी में एक वृद्धा की संदिग्ध हालत में बालकनी की रेलिंग से लटकी हुई लाश मिली है। मामले की खबर फैलते ही सोसाइटी में हड़कंप मच गया है। मृतक महिला समाजवादी पार्टी के नेता मनोज चौधरी की सास हैं। मौके पर पहुंची गाजियाबाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

गाजियाबाद की सोसाइटी में सोमवार सुबह सोसाइटी में टहलने निकले लोगों की आंखें उस वक्त फटी की फटी रह गईं, जब उन्होंने एक टावर के हाईराइज फ्लोर की बालकनी से वृद्ध महिला का शव रेलिंग से लटके हुए देखा। खबर आग की तरह सोसाइटी में फैली और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की खबर तुरंत पुलिस को दी गई।

जानकारी करने पर पता चला कि मृतक महिला सपा नेता मनोज चौधरी की सास सत्यवती हैं, जो अपने बेटे नीरज के साथ यहां रह रहीं थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को रेलिंग से उतरवाकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 65 वर्षीय सत्यवती के बेटे नीरज की पत्नी की मौत भी पिछले साल संदिग्ध परिस्थितियों में रजापुर इलाके में हुई थी।

मनोज चौधरी ने बताया कि उस समय उन्होंने गोल्फलिंक की आशियाना ली रेजीडेंसी सोसाइटी में अपनी सास को अपने पास का फ्लैट दिला दिया था। तभी से सत्यवती और नीरज साथ-साथ रह रहे थे। मामले पर ज्यादा जानकारी देने से मनोज चौधरी ने यह कहते हुए मना कर दिया कि अभी वह इससे अधिक बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

कौन हैं मनोज चौधरी?

आपको बता दें कि मनोज चौधरी बागपत में सक्रिय हैं और उनकी गिनती समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं में होती है। पिछले विधानसभा चुनाव में सपा ने उन्हें बागपत से चुनावी मैदान में भी उतारा था, लेकिन आखिरी वक्त पर उनका टिकट काटकर साहिबाबाद विधानसभा सीट से पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा को दे दिया गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *