चमोली में जंगल की आग ने बढ़ाई दहशत, बस्ती तक पहुंचीं लपटें

उत्तराखंड राज्य

चमोली: फायर सीजन में उत्तराखंड के जंगल आग से धधक रहे हैं. जंगल की भीषण आग की लपटें और धुएं के गुबार ने वन विभाग व लोगों की चिंताओं को बढ़ा दिया है. आग आवासीय बस्ती के करीब तक पहुंच रही है. जो स्थानीय लोगों के लिए चिंता का सबब बनता जा रहा है. कुछ ऐसा ही चमोली जनपद में देखने को मिला, यहां जंगल की आग आवासीय बस्ती के समीप तक पहुंची गई, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया.

चमोली जनपद के थराली विकासखंड अंतर्गत लोल्टी गांव के चकोरिधार तोक के पास अचानक लगी आग ने कुछ समय के लिए ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया. तेज आंधी-तूफान के बीच लगी आग तेजी से फैलते हुए आवासीय बस्ती की ओर बढ़ने लगी, लेकिन समय रहते वन विभाग और स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया. जानकारी के अनुसार चकोरिधार क्षेत्र में अज्ञात कारणों से जंगल और घास के क्षेत्र में आग भड़क उठी. आग की लपटें तेज हवा के कारण तेजी से फैलने लगी, स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गई.

तेज हवा और सूखे जंगल के कारण आग लगातार फैल रही थी और कुछ ही देर में आवासीय बस्ती के नजदीक पहुंच गई. आग को बस्ती की ओर बढ़ता देख आसपास के लोग घबरा गए और अपने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो उठे. ग्रामीणों के अनुसार यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा नुकसान और जनहानि हो सकती थी. वन विभाग की टीम और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया. ग्रामीणों ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि कई लोग डर के कारण चिल्लाने लगे थे, लेकिन समय पर किए गए प्रयासों से स्थिति को संभाल लिया गया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आने के बाद वन विभाग की टीम भी अलर्ट मोड पर है और सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंच रही है. वहीं जंगल में आग लगने से गर्मी की तपिश भी बढ़ गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *