देहरादून में भारत गौरव पुरस्कार-2026 समारोह, राज्यपाल ने 22 हस्तियों को किया सम्मानित

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। किसी व्यक्ति की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता तक सीमित नहीं होती। जब किसी की प्रतिभा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाती है और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देती है, तो वह उपलब्धि पूरे देश की उपलब्धि बन जाती है।

प्रतिभाओं का सम्मान समाज में बेहतर और उत्कृष्ट कार्य करने की संस्कृति को मजबूत करता है। ये बातें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने राजपुर रोड स्थित एक होटल में आयोजित भारत गौरव पुरस्कार–2026 सम्मान समारोह में कही।

सोमवार को भारत गौरव अवार्ड फाउंडेशन की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में राज्यपाल ने देशभर से विभिन्न क्षेत्रों की 22 हस्तियों को सम्मानित किया गया। इसमें 15 को भारत गौरव सम्मान और चार को भारत युवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही भानु प्रकाश रेड्डी, टीटीडी सदस्य, आंध्र प्रदेश सरकार और पूर्व प्रधान वन संरक्षक समीर सिन्हा और राष्ट्रीय सैनिक संस्था के चेयरमैन तेजेंद्र पाल त्यागी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि सम्मान उपलब्धियों की स्वीकृति के साथ भविष्य में और बेहतर करने की जिम्मेदारी भी है। सफलता के पीछे अनुशासन, निरंतर परिश्रम और चुनौतियों के बीच लक्ष्य पर टिके रहने का संकल्प महत्वपूर्ण होता है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि प्रतिभाशाली, जिम्मेदार और चरित्रवान नागरिकों से होगा। देश की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता और उपलब्धियों को समाज और राष्ट्र की प्रगति से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देना होगा।

राज्यपाल ने कहा कि उपलब्धियों की वास्तविक सार्थकता तब और बढ़ जाती है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं और बेटियों की बढ़ती भागीदारी सशक्त और आत्मनिर्भर भारत की तस्वीर प्रस्तुत कर रही है।

फाउंडेशन के कार्यकारी अध्यक्ष डा. संदेश यादव ने कहा कि भारत गौरव पुरस्कार का उद्देश्य देश के उन लोगों को पहचान देना है, जो बिना किसी दिखावे के अपने क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, अंजनी कुमार, आकाश पांडे आदि मौजूद रहे।

जीवनभर उत्तरदायित्व का अहसास कराता है पुरस्कार

समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पुरस्कार केवल सम्मान नहीं होता, समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत भी होता है। राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि पुरस्कार केवल पुरस्कार नहीं होता, वो जीवन भर उत्तरदायित्व का अहसास करता है। सम्मान जीवन की अंतिम सांस तक समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और राज्यसभा सांसद नरेश बंसल को भी सम्मानित किया गया।

इन्हें मिला भारत गौरव पुरस्कार

  • योगेन्द्र सिंह यादव, परमवीर चक्र विजेता
  • मीनाक्षी नेगी, आईएफएस
  • राहुल भंडारी, प्रधान सचिव पंजाब सरकार
  • डा. कुन्दन यादव, राज्यसभा आयुक्त, त्रिपुरा
  • डा. ललिता कुमारी, आयुक्त, भारत सरकार
  • सोहिनी बडवेलु- सामाजिक कार्यकर्ता, तेलंगाना
  • ऐश्वर्या कुरा, ट्रस्टी, श्री राम स्कूल तेलंगाना
  • दीपक निवास हुड्डा, पूर्व कप्तान, कबड्डी
  • श्रुति मालपानी, डायरेक्टर, एमपीएम फाउंडेशन तेलंगाना
  • प्रफुल्ल राज सिंह, पूर्व स्क्वाड्रन लीडर, आईएएफ
  • अनुपमा यादव, कला और संस्कृति (बिहार)
  • संतू पान, तारकेश्वर विधायक
  • जयदीप अरोड़ा, एमडी, यूसीडीएफ
  • शिवम गहलोत, एंबेसडर फिट इंडिया, यूपी
  • सुरेन्द्र कुमार, संस्थापक हमारा परिवार, हरियाणा

इन्हें मिला भारत युवा पुरस्कार

  • गुड्डू खेतान- वरिष्ठ पत्रकार
  • अब्बास खान, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी (शो जम्पर)
  • अमित चंदेला, सामाजिक कार्यकर्ता
  • विराट आर्य – गौ सेवक (उत्तराखंड)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *