सुबह की सैर पर निकले बुजुर्ग पर हमला, फायरिंग का भी आरोप

उत्तर प्रदेश राज्य

दोनों हाथ टूटे, सिर में गंभीर चोट पहले दी गई धमकी की शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप

अयोध्या। थाना महाराजगंज क्षेत्र में सुबह टहलने निकले एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। हमलावरों द्वारा मारपीट के साथ फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज दर्शननगर स्थित मंडलीय चिकित्सालय में चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, तुलसीराम का पुरवा पिलखावां गांव निवासी महेश तिवारी शनिवार सुबह रोज की तरह सैर पर निकले थे। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि विनोद तिवारी, उनके पुत्र श्रेयांश तिवारी और अन्य साथियों ने मिलकर बुजुर्ग की बेरहमी से पिटाई कर दी।
परिजनों का कहना है कि हमले में महेश तिवारी के दोनों हाथ टूट गए, जबकि सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरा बाजार पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि 27 अप्रैल को ही उन्होंने पुलिस और उच्चाधिकारियों को ऑनलाइन शिकायत देकर जान का खतरा बताया था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिवार ने अब आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *