शराब के नशे में विवाद के बाद कुल्हाड़ी से की गई थी हत्या, आला कत्ल बरामद
अयोध्या। थाना महाराजगंज क्षेत्र के मड़ना गांव में सोमवार रात हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया आला कत्ल भी बरामद किया है।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गोसाईगंज क्षेत्र के महबूबगंज स्थित शेरवाघाट मार्ग से आरोपी रोहित कुमार यादव (28) और विनोद कुमार यादव (30) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मड़ना गांव के लायक का पुरवा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी विनय यादव की सोमवार रात करीब 8 बजे कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना से पहले वह पड़ोसी गांव लायक का पुरवा निवासी रोहित यादव और अन्य लोगों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
बताया जाता है कि विवाद के बाद रोहित यादव अपने भाई विनोद के साथ नशे की हालत में विनय के घर पहुंचा। वहां फिर से कहासुनी हुई, जिसके बाद रोहित ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विनय को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
