उत्तराखंड चुनाव को लेकर BJP का मिशन SC सीटें, महेंद्र भट्ट ने किया सभी आरक्षित सीटें जीतने का दावा

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीटों पर अपना फोकस बढ़ा दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने दावा किया कि पार्टी इस बार प्रदेश की सभी एससी आरक्षित सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा इन सीटों पर लगातार बेहतर प्रदर्शन करती रही है। अब प्रचंड मतों से सभी सीटें जीतने का लक्ष्य है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा- कांग्रेस चुनाव में हार सामने देखकर बौखलाई

हल्द्वानी प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए भट्ट ने कहा कि कांग्रेस चुनाव में हार सामने देखकर बौखलाई हुई है। उसके पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए समाज को बांटने का प्रयास कर रही है।

भट्ट ने आरोप लगाया कि देश के विभाजन की दोषी कांग्रेस अब समाज के विभाजन का षड्यंत्र कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता कांग्रेस के इस कथित प्रयास का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

मुद्दों के अभाव में समाज को बांटने का प्रयास

प्रदेश अध्यक्ष् ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज में समरसता और सौहार्द का संदेश लेकर जनता के बीच जाएंगे। इसी क्रम में पार्टी ने सभी जिलों में समरसता-सौहार्द संकल्प धरना देने का निर्णय लिया है। एससी सीटों को लेकर भट्ट का दावा भाजपा की आगामी चुनावी रणनीति का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है। पार्टी आरक्षित सीटों पर अपने प्रदर्शन को और मजबूत करने के साथ कांग्रेस के सामाजिक आधार में सेंध लगाने की कोशिश में है।

कर्नाटक में दर्ज रिपोर्ट के तथ्य पर आपत्ति

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि किसी झूठी शिकायत आधारित एफआईआर में भाजपा कार्यकर्ता और उनका नाम डालना निंदनीय है। कानूनी प्रक्रिया का जवाब संवैधानिक तरीके से दिया जाएगा। कहा कि जो आरोप लगाए गए हैं, उससे जुड़ा कोई मीडिया बयान या लिखित तथ्य किसी के पास नहीं है। ऐसे आरोपों का प्रश्न ही खड़ा नहीं होता। आश्चर्य जताया कि जो रिपोर्ट कर्नाटक में दर्ज की गई, उसमें भाजपा कार्यकर्ता लिखा गया है। आयोजन में बीजेपी का कोई कार्यकर्ता नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *