लखनऊ: रामपुर की चमरौआ विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक नसीर अहमद खान से प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामले में करीब 7 घंटे तक पूछताछ की. नसीर अहमद खान जौहर ट्रस्ट के संयुक्त सचिव रह चुके हैं. इसी वजह से ईडी ने उन्हें समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था. पूछताछ के दौरान ट्रस्ट में लिए जाने वाले फैसलों, दान और जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण कार्यों में उनकी भूमिका को लेकर सवाल किए गए.
ईडी की जांच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान से जुड़े जौहर ट्रस्ट के खिलाफ चल रही है. इसी जांच के सिलसिले में नसीर अहमद खान से भी पूछताछ की गई. ईडी सूत्रों के मुताबिक, आजम खान के करीबी होने और ट्रस्ट में अहम जिम्मेदारी संभालने के कारण नसीर से कई बिंदुओं पर जानकारी ली गई.
ट्रस्ट के फैसलों और फंडिंग पर सवाल
सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में नसीर अहमद खान से जौहर ट्रस्ट में होने वाले फैसलों में उनकी भूमिका को लेकर सवाल किए गए. ईडी यह जानने की कोशिश कर रही है कि ट्रस्ट के लिए दान जुटाने और जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण से जुड़े कामों में नसीर की क्या भूमिका रही थी. ट्रस्ट के कामकाज और उससे जुड़े आर्थिक लेनदेन को लेकर भी उनसे जानकारी ली गई.
ईडी की पूछताछ में शत्रु संपत्ति से जुड़े मामले को लेकर भी सवाल किए गए. नसीर अहमद खान के खिलाफ आजम खान के साथ मिलकर शत्रु संपत्ति हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज हो चुका है. इस मामले में नसीर को कोर्ट में सरेंडर भी करना पड़ा था.
आजम खान समेत 7 आरोपियों पर चार्जशीट
शत्रु संपत्ति मामले में नसीर अहमद खान के अलावा आजम खान, उनकी पत्नी तंजीन फातिमा, दोनों बेटे अदीब और अब्दुल्ला आजम, बहन निखत अखलाक समेत कुल सात आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है. नसीर अहमद खान पहले जौहर ट्रस्ट के खिलाफ चल रही इनकम टैक्स विभाग की जांच के दायरे में भी आ चुके हैं. अब ईडी की जांच में उनसे दोबारा पूछताछ की गई है. सूत्रों के मुताबिक, ईडी की ओर से नसीर को एक बार फिर पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है.
अब ट्रस्टी शहरयार खान से होगी पूछताछ
जौहर ट्रस्ट की जांच में अब ईडी की नजर ट्रस्टी शहरयार खान पर भी है. ईडी जल्द ही शहरयार खान से पूछताछ कर सकती है. शहरयार खान पहले खुद को ट्रस्ट का डमी ट्रस्टी बता चुके हैं. ऐसे में ईडी उनसे ट्रस्ट में उनकी वास्तविक भूमिका और फैसलों से जुड़े सवाल कर सकती है. फिलहाल ईडी की जांच जारी है. नसीर अहमद खान से हुई पूछताछ के बाद जांच एजेंसी जौहर ट्रस्ट के कामकाज, फंडिंग, निर्माण कार्य और इससे जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर आगे की जांच कर रही है.
