21 किलो 200 ग्राम गांजे की बड़ी बरामदगी

उत्तर प्रदेश राज्य

महिला तस्कर की निशानदेही पर पुलिस की कार्रवाई

नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना फेस-1 पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस कस्टडी रिमांड पर लाई गई महिला तस्कर की निशानदेही पर 21 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 3 से 4 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, न्यायालय से स्वीकृत पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान गिरफ्तार महिला अभियुक्ता नूरी से पूछताछ की गई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-9 स्थित बी-25 के समीप एक खंडहरनुमा झुग्गी में छापेमारी की, जहां छिपाकर रखा गया 21.2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर लिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्ता थाना फेस-1 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित थी तथा उसने 23 जुलाई 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। पुलिस द्वारा की गई नई बरामदगी के बाद संबंधित मुकदमे में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 भी बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई को नशा तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार माना जा रहा है और पुलिस अब इस पूरे गिरोह तथा गांजे की आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *