बरेली हाईवे पर हादसा: नेपाल जा रही बस खड़े ट्रक में घुसी, 1 की मौत 25 घायल

उत्तर प्रदेश राज्य

बरेली: बरेली के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के धनेटा रेलवे फाटक पास भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश से नेपाल जा रही यात्रियों से भरी बस सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। इनमें दो मासूम बच्चों समेत तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

बरेली में घटना मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, एनएचएआई और एंबुलेंस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना सुबह 3:38 बजे एंबुलेंस टीम को मिली। चालक दिनेश कुमार और ईएमटी प्रताप सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस से 10 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि एंबुलेंस से एक अन्य यात्री को लाया गया, जिसे मृत घोषित किए जाने की जानकारी है। घायलों को मीरगंज सीएचसी, खिरका सीएचसी और राजश्री अस्पताल समेत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मीरगंज सीएचसी में भर्ती घायलों में नेपाल निवासी राम बहादुर सुनार, रतना, विमला, सुबरना, रोहित, सुधीप, संदेश, देवेश राज, अमर बहादुर, साविल और राम बहादुर समेत कई यात्री शामिल हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस

क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह ने बताया कि सड़क पर खड़े ट्रक में बस पीछे से टकराई थी। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। दुर्घटना के कारणों और ट्रक सड़क पर खड़ा होने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। मृतक की पहचान कराने के प्रयास भी जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *