अखिलेश ने किया दावा: यूपी में जो लोकसभा जीतता है प्रदेश में बनती है उसी की सरकार, 2027 में नहीं चलेगा हथकंडा

राजनीति

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव को सपा जीतेगी। यूपी वही जीतता है जो लोकसभा को जीत चुका होता है।

सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में जो लोकसभा चुनाव जीतता है, प्रदेश में उसी की सरकार बनती है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा कोई गड़बड़ी नहीं कर पाएगी। भाजपा पहले के चुनावों में बेईमानी के सारे हथकंडे अपना चुकी है। वोटर लिस्ट में धांधली, वोट कटवाना और अधिकारियों की पोस्टिंग में भेदभाव के तरीके अपनाए। इनके सब हथकंडे अब जनता जान चुकी है। समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में भाजपा को हरा चुकी है।

एक कार्यक्रम में अखिलेश ने कहा कि यूपी में इंडिया गठबंधन मजबूत है। समाजवादी पार्टी गठबंधन सहयोगियों को साथ लेकर चलेगी। इंडिया गठबंधन में जो पार्टी जिस राज्य में मजबूत होगी, उसी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। यही गठबंधन बनने का आधार था। समाजवादियों की लड़ाई भाजपा और उसकी उस विचारधारा वाले संगठन से है, जो अंग्रेजों की तरह फूट डालो-राज करो की नीति पर कार्य करता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि 2017 से पहले जिनकी अपनी कोई पहचान नहीं थी, वही लोग उत्तर प्रदेश को बदनाम करने के लिए कहते हैं कि यूपी की 2017 से पहले कोई पहचान नहीं थी। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सपनों में भी एक्सप्रेसवे बनाती है। बड़ी-बड़ी होर्डिंग लगाकर प्रचार किया कि प्रदेश में 17 एक्सप्रेसवे बन रहे हैं। जब हमने गिनती कर सवाल उठाया तो सरकार कह रही है कि 6 एक्सप्रेसवे बन गए। 7 प्रस्तावित हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में सपा के सांसद रामजीलाल सुमन और दलित भाइयों के साथ बड़ा अन्याय हो रहा है। जल जीवन मिशन में भ्रष्टाचार है। पहलगाम पर कहा कि सवाल यह है कि इस मामले में लापरवाही किसकी है। सरकार ने सुरक्षा क्यों नहीं दी। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा और कृषि क्षेत्र पर काम नहीं कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *