अंकित कुमार बने भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा ने अपने संगठनात्मक विस्तार को गति देते हुए देहरादून निवासी अंकित कुमार को उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संबंध में घोषणा उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन प्रजापति ने की।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मोहन प्रजापति ने कहा कि उत्तराखंड में अति पिछड़ा वर्ग के लोगों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने तथा समाज में होने वाले शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने के उद्देश्य से संगठन को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भारतीय अति पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा हमेशा से अति पिछड़े वर्ग के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहा है। संगठन भविष्य में भी समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाता रहेगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अंकित कुमार को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन उत्तराखंड के सभी जिलों में और अधिक सशक्त होगा। उन्होंने कहा कि अंकित कुमार संगठन की नीतियों और उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही नए कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन को नई दिशा और गति प्रदान करेंगे।

उन्होंने प्रदेशभर में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और अति पिछड़े वर्ग के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर देने की बात कही।

प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश प्रभारी डॉ. राजवीर सिंह प्रजापति, वरिष्ठ नेता सुंदर लाल प्रजापति, मुकेश, राज चौहान, सुरेश, मासूम अली, ललित, आशिफा, कन्हैया तथा वरिष्ठ नेता सुमित प्रजापति सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभी ने अंकित कुमार को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *