विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर जागरूकता अभियान, महिलाओं और किशोरियों को बांटी गई स्वच्छता किट

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर राज्य की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री ने किशोरियों एवं महिलाओं के लिए आयोजित जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं को स्वच्छता किट वितरित की गई तथा मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि भारतीय परंपरा में मासिक धर्म को एक प्राकृतिक वैज्ञानिक प्रक्रिया और नारी की सृजन क्षमता का आधार माना गया है। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं को ईश्वर का वह पवित्र आशीर्वाद है, जो उन्हें सृष्टि की सृजनकर्ता बनाता है।उन्होंने कहा कि आज भी समाज में मासिक धर्म को लेकर अनेक भ्रांतियां और संकोच मौजूद हैं, जिन्हें दूर करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने किशोरियों को स्वास्थ्यवर्धक भोजन अपनाने और मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता संबंधी उपायों का पालन करने की सलाह दी।कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने किशोरियों एवं महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता किट वितरित की। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा देशभर के जनऔषधि केंद्रों पर मात्र एक रुपये में सुरक्षित सेनेटरी पैड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही प्रदेश सरकार की ‘मेरी सहेली’ नैपकिन वेंडिंग मशीन योजना तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से संचालित नैपकिन वितरण अभियान ग्रामीण क्षेत्रों की लाखों महिलाओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ विकल्प उपलब्ध कराने में सहायक साबित हो रहा है।
कार्यक्रम में महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. निहारिका ने प्रतिभागियों से संवाद करते हुए मासिक धर्म से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं और उनके समाधान के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री , महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंसीलाल राणा, उपनिदेशक विक्रम सिंह, मोहित चौधरी सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *