गुप्तार पार्क के सौंदर्यीकरण को मिली रफ्तार, कृत्रिम झील समेत आधुनिक सुविधाओं से संवरेगा सरयू तट

उत्तर प्रदेश राज्य

अयोध्या। सरयू नदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व वाले गुप्तार घाट के पास बने गुप्तार पार्क का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। पार्क के सौंदर्यीकरण और पुनर्विकास का कार्य तेज़ी से प्रगति पर है, जिसे मई माह तक पूरा किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
राजकीय उद्यान विभाग की देखरेख में लगभग 842.26 लाख रुपये की लागत से इस परियोजना को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। निर्माण कार्य राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। योजना के तहत पार्क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त कर इसे पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए अधिक आकर्षक बनाया जा रहा है।
परियोजना का मुख्य आकर्षण कृत्रिम झील होगी, जिसके साथ हरित लैंडस्केपिंग, पाथवे और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। यह क्षेत्र आगंतुकों को सैर, योग-ध्यान और विश्राम के लिए बेहतर वातावरण प्रदान करेगा।
निर्माण कार्यों में बाउंड्री वॉल, पाथवे और भवनों की फिनिशिंग शामिल है। कार्यालय, गार्ड रूम, टिकट काउंटर, मीटर रूम और शौचालयों का निर्माण अंतिम चरण में है। गजिबो और योगा शेड की पेंटिंग, लैंडस्केपिंग और विद्युतीकरण का काम जारी है। झील की आरसीसी वॉल और ब्रिज का निर्माण चल रहा है, जबकि फाउंटेन और कैंटीन की मरम्मत भी कराई जा रही है। हाईमास्ट लाइट सहित अन्य प्रकाश व्यवस्थाओं के लिए स्थान चिन्हित किए जा चुके हैं।
अधिकारियों के अनुसार, कार्य पूर्ण होने के बाद गुप्तार पार्क न केवल धार्मिक पर्यटकों बल्कि स्थानीय नागरिकों के लिए भी एक सुव्यवस्थित और आकर्षक स्थल के रूप में विकसित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *