भवारना अस्पताल को जल्द मिलेगा आधुनिक सुविधाओं से अपग्रेड, जनता के लिए राहत

राज्य हिमाचल प्रदेश

भवारना: भवारना और आसपास के क्षेत्रवासियों के लिए एक राहत भरी खबर है। भवारना अस्पताल जल्द ही आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस होगा। अस्पताल में विकसित की जा रही नई सुविधाओं का कार्य अंतिम चरणों में है और शीघ्र ही इनका लोकार्पण किया जाएगा। इस बात की जानकारी आज संजय सिंह चौहान ने अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान दी। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। बैठक में अस्पताल के सुधारीकरण और आवश्यक कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। संजय चौहान ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि भवारना अस्पताल में सुविधाओं के विस्तार के लिए वे  मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से अतिरिक्त बजट की मांग करेंगे, ताकि आधुनिक सुविधाओं का कार्य जल्द पूरा हो सके और मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।

हिमाचल में स्वास्थ्य सेवाओं को मिल रही नई दिशा

संजय सिंह चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है। राज्य में रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं की शुरूआत एक बड़ी उपलब्धि है। आधुनिक मशीनों और नई तकनीकों के उपयोग से अब जटिल ऑप्रेशन भी अधिक सटीकता और कम समय में संभव हो रहे हैं। भवारना अस्पताल में विकसित हो रही सुविधाएँ भी इसी आधुनिकीकरण की श्रृंखला का एक हिस्सा हैं।

स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार कर रही प्रयास

संजय चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को घर के नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण इलाज मिले। सरकार का उद्देश्य लोगों की बड़े शहरों पर निर्भरता को कम करना है। इसी दिशा में भवारना अस्पताल को भी अपग्रेड किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को उन्नत और सुरक्षित उपचार उनके अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *