बीजेपी ने तेज की 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां, 12 मई को लखनऊ में जुटेंगे 98 जिलाध्यक्ष

उत्तर प्रदेश राज्य

उत्तर प्रदेश में रविवार को योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट विस्तार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने 2027 का चुनावी बिगुल फूंक दिया है. जिसके बाद अब पार्टी आगे की तैयारी में जुट गई हैं. बीजेपी 12 मई को यूपी बीजेपी जिलाध्यक्षों की बैठक बुलाई हैं. आज शाम तक सभी जिलाध्यक्षों को लखनऊ पहुंचने के लिए कहा गया है.

योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार के बाद बीजेपी जिलाध्यक्षों की इस बैठक को कई मायनों में अहम माना जा रहा है और इसे आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है. इस बैठक में प्रदेशभर के सभी 98 जिलाध्यक्षों को शामिल होने के निर्देश दिए गए है. इस बैठक का एजेंडा क्या होगा इसे लेकर आज क्षेत्रीय अध्यक्ष बैठक करेंगे और आगे रणनीति तय करेंगे.

सभी जिलाध्यक्षों को दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी जिलाध्यक्षों को सोमवार शाम तक लखनऊ पहुंचने के निर्देश दिए है और कहा कि सभी को इस बैठक में रहना आवश्यक होगा. खबरों के मुताबिक इस बैठक में आगामी चुनाव को देखते हुए भविष्य की योजनाओं और अभियानों पर मंथन होगा और रणनीति तैयारी होगी. इसके अलावा पार्टी द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की समीक्षा भी की जा सकती है.

पंकज चौधरी करेंगे बैठक का नेतृत्व

यूपी जिला अध्यक्षों की बैठक का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी करेंगे. इस बैठक में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह मौजूद रहेंगे. बंगाल के बाद अब भारतीय जनता पार्टी का पूरा फ़ोकस उत्तर प्रदेश पर है. ऐसे में इस बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के आगाज के तौर पर देखा जा रहा है. आने वाले दिनों में बीजेपी अपनी चुनावी अभियान को और तेज करेगी.

बता दें कि इससे पहले रविवार को यूपी कैबिनेट में विस्तार किया गया था, जिसमें छह नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई. इस कैबिनेट विस्तार में प्रदेश के जातीय समीकरणों का ध्यान रखते हुए तीन ओबीसी, दो दलित और एक ब्राह्मण चेहरे को शामिल किया गया है. आज इन मंत्रियों के विभागों का भी ऐलान किया जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *