देहरादून में BJP की महाबैठक: नए प्रभारी राम माधव, अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज ने संभाली कमान

उत्तराखंड राज्य

देहरादून: राजधानी देहरादून के आज तीन अक्टूबर शनिवार को भाजपा की संयुक्त मोर्चा और विभिन्न प्रकोष्ठों की अहम बैठक हुई. बैठक में उत्तराखंड के बीजेपी के नए प्रदेश प्रभारी राम माधव और सह प्रभारी अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत प्रदेशभर से पदाधिकारी मौजूद रहें.

इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के अनुभवों को संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश प्रभारी राम माधव का लंबा सामाजिक और राजनीतिक अनुभव रहा है. जम्मू-कश्मीर से लेकर पूर्वोत्तर के राज्यों तक काम करने का उनका व्यापक अनुभव कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और संगठन को आगे बढ़ाने में मार्गदर्शन प्रदान करेगी.

सीएम धामी ने सह-प्रभारियों की भी तारीफ: इसके साथ ही सीएम धामी ने अरविंद मेनन के सांगठनिक अनुभव और सांसद बांसुरी स्वराज के युवा व महिला नेतृत्व की सराहना की. उन्होंने कहा कि एक सफल वकील और जनसेवा का आधार रखने वाली बांसुरी स्वराज के आने से पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा है. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन तीनों प्रमुख नेताओं की सक्रियता से पार्टी संगठन का विस्तार होगा और राज्य में संगठन को मजबूती मिलेगी.

नए प्रभारी के सामने संगठन की तस्वीर: राम माधव को हाल ही में उत्तराखंड भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है. उनके साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है. नियुक्ति के बाद यह पहला मौका है, जब तीनों वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश संगठन के अलग-अलग मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ एक मंच पर बैठक की.

बैठक में प्रदेश संगठन के कामकाज, मोर्चों और प्रकोष्ठों की भूमिका तथा पार्टी के कार्यक्रमों को जमीन तक पहुंचाने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई. अलग-अलग प्रकोष्ठों के जरिए पार्टी समाज के विभिन्न वर्गों तक अपनी पहुंच बनाने का काम करती है. ऐसे में इन प्रकोष्ठों की सक्रियता और संगठन के साथ बेहतर समन्वय बैठक का प्रमुख हिस्सा रहा.

मुख्यमंत्री धामी भी बैठक में मौजूद: बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे. सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को भाजपा में लगातार महत्वपूर्ण माना जाता रहा है. ऐसे में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों और प्रकोष्ठों के संयोजकों की यह बैठक संगठन और सरकार के बीच समन्वय के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रही.

22 प्रकोष्ठों के संयोजक भी जुटे: भाजपा के अलग-अलग प्रकोष्ठ पार्टी संगठन को समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जोड़ने का काम करते हैं. बैठक में 22 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक मौजूद रहे. इनके अलावा संकुल के समन्वयक और सह-समन्वयक भी बैठक में शामिल हुए थे. बैठक के जरिए सभी प्रकोष्ठों के कामकाज और संगठन के साथ उनके समन्वय को लेकर चर्चा की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *