हल्द्वानी में BJP का महामंथन, 2027 चुनाव के लिए बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

उत्तराखंड राज्य

हल्द्वानी: बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति के अंतिम सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की. बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया. शक्ति केंद्रों को प्रभावी बनाने के साथ तीन बार दायित्व संभाल चुके पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए. इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया.

हल्द्वानी में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के अंतिम सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए इस बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों को बूथ और शक्ति केंद्रों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया.

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा चुनावी सफलता के लिए संगठन का मजबूत होना बेहद जरूरी है. इसके लिए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की जरूरत है. बैठक में उन पदाधिकारियों के साथ भी बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया, जो तीन बार संगठन में अलग-अलग दायित्वों पर रह चुके हैं. पार्टी नेतृत्व का मानना है कि ऐसे अनुभवी पदाधिकारियों के अनुभव का लाभ संगठन को और मजबूत करने में लिया जा सकता है.

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से भी बातचीत की. उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा नए बूथों की मजबूती पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही शक्ति केंद्रों को अधिक प्रभावी बनाने और वहां पार्टी की गतिविधियों को लगातार सक्रिय रखने पर भी चर्चा हुई.

कार्यसमिति के सत्र के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक आयोजित की गई.कोर कमेटी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर व्यापक रणनीति पर मंथन किया गया. संगठन की मौजूदा स्थिति, बूथ स्तर की तैयारियों और चुनावी रणनीति को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया गया. बीजेपी की इस अहम बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *