मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद
अयोध्या। पटरंगा थाना क्षेत्र के सरैठा गांव में दबंगई और जातिगत उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। दलित युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियों का सीसीटीवी वीडियो वायरल होने पर नामजद आरोपी के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित उमेश रावत पुत्र दिनेश रावत निवासी ग्राम बरगदी मजरे पुराय गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे ट्रॉली से भूसा लेकर सरैठा गांव जा रहा था। इसी दौरान ट्रॉली का बांस सरैठा निवासी आलोक सिंह उर्फ राजू पुत्र राम विजय सिंह के छज्जे में लगे पाइप से टकरा गया, जिससे पाइप टूट गया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आलोक सिंह ने पीड़ित को जातिसूचक व आपत्तिजनक गालियां दीं। नुकसान की भरपाई की बात कहने पर आरोपी और उग्र हो गया तथा लात-घूंसे व ईंट से मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी देते हुए दोबारा ट्रॉली आने पर उसे जलाने की चेतावनी भी दी गई।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया।
प्रभारी निरीक्षक पटरंगा शशिकांत यादव ने बताया कि पीड़ित उमेश रावत की तहरीर पर आरोपी आलोक सिंह के विरुद्ध धारा 115(2), 352, 351(3) तथा अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी रुदौली आशीष निगम द्वारा की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी आलोक सिंह स्थानीय रूप से प्रभावशाली है और सत्ताधारी भाजपा के रुदौली विधायक का करीबी माना जाता है। इसी राजनीतिक संरक्षण के चलते पीड़ित पक्ष में भय का माहौल बताया जा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़ित पक्ष ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
