‘एक हाथ से ताली नहीं बजती’, मायावती से गठबंधन पर बोले चंद्रशेखर आजाद

उत्तर प्रदेश राज्य

नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर ने मंगलवार को मायावती को लेकर बड़ा बयान दिया। संभल में प्रेसवार्ता के दौरान चंद्रशेखर ने कहा- समाज चाहता है कि बहनजी और हम चुनाव में साथ आएं, लेकिन ताली कभी भी एक हाथ से नहीं बजती। मैंने अपनी तरफ से कई प्रयास किए, लेकिन कोशिशें नाकाम रहीं।

वहीं, ईवीएम के सवाल पर चंद्रशेखर ने चुनाव आयोग पर धांधली के आरोप लगाए। सांसद ने कहा कि यूपी का 2024 विधानसभा चुनाव निरस्त कराया जाना चाहिए। आगामी एमएलसी चुनाव को 2027 की परीक्षा बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे सरकार को विपक्ष की ताकत का अंदाजा हो जाएगा।

चंद्रशेखर बोले- एमएलसी चुनाव विपक्ष की परीक्षा है

चंद्रशेखर ने कहा- यूपी में आज पढ़ा-लिखा नौजवान बेरोजगार घूम रहा है। स्कूल बंद हो रहे, शराब की दुकानें खुल रहीं हैं। कॉलेजों में हिंसा हो रही, छात्रसंघ चुनाव बंद हैं। किसान की फसलों का नाश हो गया है। अस्पतालों में सुविधाएं नहीं हैं। कोई भर्ती ऐसी नहीं, जिसका पेपर लीक न होता हो या घोटाला न होता हो।

सांसद ने कहा कि एमएलसी का चुनाव एक सीट को छोड़कर हमारी पार्टी नहीं लड़ रही है। विपक्ष लड़ रहा है। अब उनमें कितना दम है, यह इस बार के एमएलसी चुनाव में दिख जाएगा। अगर उनकी तैयारी मजबूत है और वे भाजपा को हराने की स्थिति में हैं तो 2027 से पहले ही साफ हो जाएगा कि विपक्ष कितने पानी में हैं।

बेरोजगारी, पेपर लीक और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

चंद्रशेखर ने कहा- यूपी की सरकार में क्राइम के क्या हाल हैं। चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है। रोज हत्याएं हो रही हैं। अगर कानून-व्यवस्था अच्छी है तो लोगों की जान क्यों जा रहीं। लोग बहुत बुरे हालात में जीने को मजबूर हैं। लोगों के मन में इच्छा है कि 2027 में भाजपा की इस सरकार का किसी तरह से अंत करें।

सांसद चंद्रशेखर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के सवालों के भी जवाब दिए। विस्तार से पढ़िए …

सवाल: मायावती ने आप पर भाजपा की बी-टीम के रूप में काम करने का आरोप लगाया है?

जवाब: राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तो लगते रहते हैं। अब विपक्ष के लोग उनके ऊपर आरोप लगाते हैं। मैं तो इन सब चीजों को सुन रहा हूं। मैं आपको अपना पक्ष बता देता हूं। मेरी नहीं, बहनजी की नहीं, समाज की इच्छा है कि हम लोग मिलकर काम करें।

आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के मेहनती कार्यकर्ताओं के भरोसे और नगीना-बिजनौर की महान स्वाभिमानी जनता के भरोसे दोबारा चुनाव में जाने को तैयार हूं। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा कि जनता किसके साथ है।

सवाल: सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा कि भाजपा-आरएसएस मानवतावादी नहीं है और मनुस्मृति लागू करना चाहते हैं। आरक्षण खत्म करना चाहते हैं…?

जवाब: उनकी पार्टी कौन-सी मानवतावादी है? उन्होंने भी तो बाबा साहेब और कांशीराम साहब के नाम पर जो भी था सब बदल दिए। वह कौन-सी मानवतावादी पार्टी है।

रामजी लाल अच्छे आदमी हैं। उस पार्टी में बेचारे अब उनके घर-वगैरह तोड़ दिए गए, बेचारे परेशान हैं। क्या कर सकते हैं। सब घूम रहे हैं, उन्हें नहीं घूमने दिया जा रहा है।

सवाल: असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद को कई बार साथ देखा गया है। क्या 2027 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन होगा?

जवाब: नगर पंचायत और नगर निगम के चेयरमैन का चुनाव था तो हमने सहारनपुर से लेकर पूरे यूपी में जयंत चौधरी के साथ चुनाव लड़ा। वह भाजपा में चले गए, अखिलेश जी इंडिया अलायंस में चले गए और हम जनता के बीच में रह गए। यह चुनावी अलायंस है। कल क्या होगा, इसके बारे में मैं आज भविष्यवाणी नहीं कर सकता।

सवाल: आपको और असदुद्दीन ओवैसी को कोई दल साथ लेने को तैयार नहीं है? क्या वोट खिसकने या पार्टी के वजूद में आने का डर है?

जवाब: यह तो आप कह रहे हैं। आपको अंदर की बात कहां पता है कि कोई लेना चाह रहा है या नहीं लेना चाह रहा। दूसरे लोग लेने के नाम पर सिर्फ हमारे लोगों का वोट चाहते हैं। यह राजनीतिक बात है। आपके पास सोर्स होते हैं, पता करो कि 2017 और 2022 में भाजपा को क्यों नहीं हरा पाए।

इन्होंने पहले भी 250-300 सीटें हारी हैं। ये किसी को साथ लेकर भाजपा को हराना नहीं चाहते, बल्कि भाजपा का रास्ता आसान करना चाहते हैं। अगर इनको चिंता होती तो ये सबको साथ लेकर चलते। भाजपा 44 पार्टियों को साथ लेकर लोकसभा चुनाव लड़ी। विपक्ष, जो मजबूत लोग हैं, जिनके पास वोट हैं, उनको साथ लेकर नहीं लड़ना चाहते। ये रास्ते ढूंढ रहे हैं कि भाजपा को कैसे जिताया जाए।

सवाल: 2027 के विधानसभा चुनाव में यूपी में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है?

जवाब: हमने 87 प्रभारी घोषित किए हैं और अभी अगले एक सप्ताह बाद दोबारा लिस्ट जारी करेंगे। 2022 से हम मेहनत कर रहे हैं। 2024 में सिर्फ दो सीटों पर लड़े। इस बार हमारे कार्यकर्ता पूरे रंग में हैं। कार्यकर्ताओं को लगता है कि आजाद समाज पार्टी भाजपा को चुनाव में हराकर जनता की सरकार बनाएगी।

चंद्रशेखर ने चंदौसी में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया

संभल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद चंद्रशेखर ने चंदौसी के मौलागढ़ मैदान में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। चंद्रशेखर ने कहा कि राज्य में उनकी सरकार बनने पर गरीबों को समान शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं दी जाएंगी। सरकारी स्कूलों में DIG और DM जैसे अफसरों व गरीबों के बच्चे एक साथ पढ़ेंगे। हर साल पुलिस भर्ती की जाएगी। उनके लिए आठ घंटे की ड्यूटी और साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था होगी।

महिलाओं की सुरक्षा पर बोले- एक साल का मौका दें

महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चंद्रशेखर ने कहा कि उन्हें एक साल का मौका दिया जाए। अगर इसके बाद किसी गरीब बच्ची की तरफ कोई गलत नजर से देखेगा तो वह इस्तीफा देकर घर बैठ जाएंगे। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया जाएगा, ताकि उन्हें अपनी जरूरतों के लिए किसी के सामने हाथ न फैलाना पड़े।

मंदिर-मस्जिद विवाद पर सरकार को घेरा

मस्जिदों के नीचे मंदिर खोजे जाने के मुद्दे पर चंद्रशेखर ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसे मुद्दों से प्रदेश की एकता-भाईचारा कमजोर होता है। उन्होंने जामा मस्जिद की सीढ़ियों पर मुस्लिम समाज को दिए अपने संदेश का भी जिक्र किया। कहा कि मुस्लिम समाज खुद को अकेला न समझे, संविधान के लिए संघर्ष करने वाले लोग उनके साथ खड़े हैं।

‘सभी धर्मों का सम्मान करता हूं’

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वह किसी धर्म या जाति के विरोधी नहीं हैं और सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। वह सरकार और तानाशाही के खिलाफ अपने लोगों के अधिकारों और आने वाली पीढ़ियों को न्याय और सम्मान दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *