मुख्यमंत्री चैंपियनशिप जूडो प्रतियोगिता: खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेताओं को मेडल प्रदान किए

उत्तराखंड

देहरादून। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत युवा केंद्र आमवाला में आयोजित संसदीय क्षेत्र स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में मंगलवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पूर्व में खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं का अभाव था, लेकिन अब प्रदेश में मजबूत और आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित की गई है। उन्होंने कहा कि यदि युवा खिलाड़ी अपनी इच्छाशक्ति और अनुशासन को मजबूत रखें, तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

खेल मंत्री ने कहा कि जो युवा खेलों के क्षेत्र में गंभीरता से जुड़े हुए हैं, उनका भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल है।उन्होंने खिलाड़ियों से 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 के ओलंपिक खेलों को लक्ष्य बनाकर अभी से तैयारी शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि आने वाले वर्षों में उत्तराखंड के अधिक से अधिक खिलाड़ी इन प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करें।

इस अवसर पर जूडो अंडर-19 के 55 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता सार्थक ममगाई, रजत पदक विजेता मोहसिन तथा कांस्य पदक विजेता दीपक पटवाल और विवान शर्मा को सम्मानित किया गया। वहीं अंडर-60 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता हिमांशु, रजत पदक विजेता शिवराज तथा कांस्य पदक विजेता आयुष भट्ट और प्रियांशु मेहता को मेडल पहनाए गए।

कार्यक्रम में उपनिदेशक एस.के. जयराज, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश ममगाई, शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *