मुख्यमंत्री धामी ने 24 करोड़ की विकास योजनाओं को दी वित्तीय मंजूरी

उत्तराखंड राज्य

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में पेयजल, सीवरेज, नदी पुनर्जीवन, पर्यावरण संरक्षण तथा धार्मिक और शैक्षणिक संस्थानों के विकास से संबंधित करीब 24 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जिले के भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में 200 हैंडपंपों के निर्माण के लिए 1.43 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा रुड़की शहर की सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 3.16 करोड़ रुपये तथा न्यू हरिद्वार मॉडल कॉलोनी और गोविंदपुरी क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पेयजल वितरण पाइपलाइन के प्रतिस्थापन के लिए 4.50 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी गई है।

राज्य सरकार ने गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की जिला स्तरीय प्रयोगशालाओं में जल गुणवत्ता परीक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से ऑटोमैटिक एनालाइज़र सिस्टम की खरीद के लिए 2.54 करोड़ रुपये की योजना को भी स्वीकृति प्रदान की है।

पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए देहरादून की गडूल नदी, जो सौंग नदी की सहायक धारा है, के पुनर्जीवन और उपचार कार्यों के लिए 6.02 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, उत्तरकाशी की कमल गंगा नदी के पुनर्जीवन एवं संरक्षण कार्यों के लिए 4.17 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने चम्पावत जिले की ओखलढूंगा झील के संरक्षण एवं विकास कार्यों के लिए 74.38 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा उधम सिंह नगर के नानकमत्ता स्थित बंगाली कॉलोनी के नव निर्मित दुर्गा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 56.51 लाख रुपये, अल्मोड़ा के सेराघाट स्थित मां मंगला भगवती मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण के लिए 72.83 लाख रुपये तथा हरिद्वार के लालढांग स्थित लाला ओम प्रकाश ज्ञानदीप कन्या इंटर कॉलेज की चारदीवारी निर्माण के लिए 53.18 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *