गदरपुर में अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग-कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का मुख्यमंत्री धामी ने लिया जायजा

उत्तराखंड राज्य

गदरपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंधों, आवागमन, आवास और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं भी जल क्रीड़ा गतिविधियों का अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं। राज्य की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां जल क्रीड़ा, पर्वतीय खेलों और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए बेहद अनुकूल हैं। सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड को खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। इसके लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय आयोजन प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और उन्हें वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से केवल खेल गतिविधियों को ही बढ़ावा नहीं मिलता, बल्कि पर्यटन, स्थानीय व्यवसाय, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलती है। इससे उत्तराखण्ड की पहचान साहसिक पर्यटन और खेल राज्य के रूप में और अधिक मजबूत होगी तथा देश-विदेश के पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता के साथ खेल गतिविधियों का भी आनंद ले सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य कर रही है। खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने, प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतियोगिता स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं, ताकि यह आयोजन उत्तराखण्ड की उत्कृष्ट कार्य संस्कृति और आतिथ्य का उदाहरण बन सके।इस अवसर पर विधायक अरविन्द पांडेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *