स्वच्छ भारत के दावे की खुली पोल

दिल्ली/एनसीआर राज्य

साकीपुर के जाटव मोहल्ले में AVJ के पीछे वाले रास्ते की हालत बद से बद्तर

* नहीं हुई सुनवाई: ग्रामीण बोले – BJP सरकार कहती है स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत, जब स्वच्छ ही नहीं रहेगा तो स्वस्थ कैसे रहेंगे

बिसरख/ग्रेटर नोएडा। योगी सरकार के स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के दावे जनपद गौतमबुद्ध नगर के ग्राम साकीपुर में दम तोड़ते नजर आ रहे हैं। ग्राम पंचायत साकीपुर, ब्लॉक बिसरख, तहसील सदर का एक रास्ता महीनों से नरक में तब्दील हो चुका है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।

क्या है मामला?

ग्राम साकीपुर निवासी अधिवक्ता विजय द्वारा शिकायत संख्या 40014126046272 के माध्यम से जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में बताया गया है कि साकीपुर गांव में AVJ के पीछे वाला रास्ता, जो जाटव मोहल्ले की तरफ जाता है, वह रास्ता बिल्कुल बेकार हो चुका है।

रास्ते पर हमेशा पानी भरा रहता है, कीचड़ और गंदगी का अंबार लगा है। स्थिति यह है कि उस रास्ते से पैदल निकलना भी दुर्लभ हो चुका है। स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं रोजाना इसी दलदल से होकर गुजरने को मजबूर हैं।

काफी शिकायतों के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

पीड़ित ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते को लेकर कई बार ग्राम पंचायत से लेकर ब्लॉक और तहसील तक गुहार लगाई गई, जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज की गई, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ।

26-10-2026 को फीडबैक में ग्रामीणों ने लिखा – अभी तक कोई समाधान नहीं हो पाया है, सभी ग्राम वासी परेशान हैं।

शिकायतकर्ता ने अपने शिकायती पत्र में लिखा है – “BJP सरकार बोलती है कि स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत, जब स्वच्छ ही नहीं रहेगा तो स्वास्थ्य कैसे रह पाएंगे। कृपया इस रास्ते को बनवाने का काम कराया जाए जिससे जनमानस को कोई परेशानी न हो, कोई बीमारी से ग्रसित न हो।”

बीमारी का खतरा, प्रशासन मौन

गंदा पानी भरे रहने से मच्छर पनप रहे हैं, डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर और खंड विकास अधिकारी बिसरख से मांग की है कि तत्काल इस रास्ते का निर्माण कराया जाए और जल निकासी की व्यवस्था की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *